कोच गौरव सोलंकी (बाएं) खुशी चौधरी (मध्य) में एवं गॉडविन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ विनम्र शर्मा (दाएं)
चेन्नई में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक होगी प्रतियोगिता, उत्तर प्रदेश की टीम का करेंगी प्रतिनिधित्व
मेरठ । गॉडविन पब्लिक स्कूल, मेरठ की प्रतिभाशाली वुशू खिलाड़ी खुशी चौधरी 25वीं जूनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप 2026 में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक तमिलनाडु के चेन्नई स्थित सेम्मनचेरी में जेपियार यूनिवर्सिटी में आयोजित होगी। इसमें देशभर के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खुशी चौधरी के चयन से विद्यालय और खेल जगत में उत्साह है। उनसे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने और मेरठ सहित उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर गॉडविन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. विनम्र शर्मा, वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बाजवा, महासचिव सुहेल अहमद और वुशू खेलो इंडिया सेंटर, गॉडविन पब्लिक स्कूल के कोच गौरव सोलंकी ने खुशी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि खुशी अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल के बल पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।
कोच गौरव सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेना किसी भी खिलाड़ी के खेल जीवन का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अनुभव मिलता है और वे भविष्य में उच्च स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित होते हैं।
विद्यालय और खेल केंद्र से जुड़े लोगों ने खुशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन और पदक जीतने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।