सड़क पर धू धूकर जलती केटीएम बाइक
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मवाना रोड पर रविवार को चलती KTM बाइक में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें तेज लपटें उठने लगीं। आग की स्थिति को देखते हुए राइडर बाइक से कूद गया। अचानक ब्रेक लगाने और बाइक फिसलने के दौरान उसे चोटें भी आईं।
धुआं और लपटें देखकर रुक गए राहगीर
पुलिस के मुताबिक, मवाना रोड पर बाइक चल रही थी, तभी उससे अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में बाइक में आग भड़क गई। आग की लपटें देखकर आसपास से गुजर रहे लोग रुक गए। बाइक से उठने वाला धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।
आग इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग बाइक के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके और सुरक्षित दूरी पर खड़े रहे। देखते ही देखते पूरी बाइक आग की चपेट में आ गई और जलकर राख हो गई।
राइडर ने बाइक से कूदकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक में आग लगते ही राइडर ने उससे कूदकर अपनी जान बचाई। अचानक ब्रेक लगाने के दौरान बाइक फिसल गई, जिससे राइडर घायल हो गया। शुरुआती तौर पर उसके सिर और पैर में चोट लगने की बात सामने आई है।
घटना के बाद कुछ समय तक राइडर के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने बाइक के नंबर और अन्य विवरण के आधार पर उसके मालिक और राइडर की पहचान शुरू की।
पुलिस जांच में हुई राइडर की पहचान
सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। पुलिस ने बाइक के नंबर समेत अन्य विवरण जुटाए। पूछताछ और जांच के बाद राइडर की पहचान रेलवे रोड निवासी असद अब्बास के रूप में हुई।
दमकल टीम ने बुझाई आग, बाइक पूरी तरह जली
बाइक में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस ने जली हुई बाइक को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। सड़क पर बाइक में आग लगने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। एक रास्ता बंद होने के कारण दूसरी तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
टेक्निकल टीम करेगी आग लगने के कारणों की जांच
SHO सिविल लाइन अरुण भाटी ने बताया कि राइडर के सिर और पैर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। चोट गंभीर नहीं बताई जा रही है और उसका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बाइक पूरी तरह जल चुकी है। बाइक में आग किस वजह से लगी, इसका स्पष्ट पता टेक्निकल टीम की जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारण के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। टेक्निकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आग किसी तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी थी।