मेरठ। एल.एल.आर.एम. मेडिकल कॉलेज, मेरठ के अस्थि रोग विभाग के चिकित्सक डॉ. कृतेश मिश्रा ने प्रतिष्ठित UPOA (उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन) लखनऊ–पुणे एक्सचेंज फेलोशिप इन एडवांस्ड आर्थ्रोस्कोपी एंड जॉइंट रिप्लेसमेंट को सफलतापूर्वक पूर्ण कर मेडिकल कॉलेज और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि से न केवल उनकी चिकित्सकीय दक्षता में वृद्धि हुई है, बल्कि मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार का लाभ मिलेगा।
यह प्रतिष्ठित फेलोशिप पुणे के सुप्रसिद्ध सांचेती अस्पताल में आयोजित की गई, जहां देश के अग्रणी अस्थि रोग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में डॉ. मिश्रा ने एडवांस्ड आर्थ्रोस्कोपी, स्पोर्ट्स इंजरी मैनेजमेंट तथा जॉइंट रिप्लेसमेंट की अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा तकनीकों का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
फेलोशिप के दौरान उन्हें आधुनिक ऑपरेशन तकनीकों, मरीजों की समग्र देखभाल, ऑपरेशन के बाद पुनर्वास (रीहैबिलिटेशन) और नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इस प्रशिक्षण से भविष्य में मेरठ मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
डॉ. कृतेश मिश्रा की इस उपलब्धि पर एल.एल.आर.एम. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर. सी. गुप्ता तथा उप-प्राचार्य एवं अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।