मुख्यमंत्री योगी की माता सावित्री देवी को लोकदल ने दी श्रद्धांजलि
मेरठ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान सहित लोकदल पदाधिकारियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
मेरठ। ANN उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर लोकदल परिवार मेरठ की ओर से पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान लोकदल के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से लोकसभा सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, लोकदल जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक बाफर, आयोग सदस्य नरेंद्र खजूरी, सतीश त्यागी, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय पदाधिकारी ऋचा सिंह, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल ब्रह्मपाल सिंह तोमर, राष्ट्रीय पदाधिकारी सतेंद्र तोमर, वरिष्ठ लोकदल नेता संजय रसूलपुर, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष अंजू, बीना पुनिया, विनय मल्लापुर, क्षेत्रीय सचिव रवि भारत चिकारा, नरेश मल्लापुर तथा सुधीर चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने स्वर्गीय सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने एक ऐसे यशस्वी पुत्र को जन्म दिया, जिनका नाम आज उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश में सम्मान और गौरव के साथ लिया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यों, जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा से अपनी माता का नाम गौरवान्वित किया है। ऐसे संस्कारवान और कर्तव्यनिष्ठ पुत्र को जन्म देने वाली माता को लोकदल परिवार शत-शत नमन करता है।
श्रद्धांजलि सभा का संचालन करते हुए लोकदल महानगर अध्यक्ष विवेक बाफर ने कहा कि मां का संसार से चले जाना किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी और अपूरणीय क्षति होती है। मां केवल जन्म देने वाली ही नहीं, बल्कि जीवन में संस्कार, त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रथम शिक्षिका होती है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में संपूर्ण लोकदल परिवार मेरठ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिवार के साथ खड़ा है।
विवेक बाफर ने कहा कि लोकदल परिवार परमात्मा से प्रार्थना करता है कि दिवंगत सावित्री देवी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और उनके द्वारा दिए गए संस्कार व्यक्ति के जीवन में सदैव मार्गदर्शक बने रहते हैं।
लोकदल जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी माता के निधन के पश्चात एक कर्तव्यनिष्ठ पुत्र के दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ अपने संवैधानिक एवं सार्वजनिक दायित्वों को भी निरंतर निभाया। यह उनके संस्कारों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि माता-पिता से प्राप्त संस्कार ही व्यक्ति के व्यक्तित्व और जीवन की दिशा निर्धारित करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में उनकी माता द्वारा दिए गए संस्कारों और मूल्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने दिवंगत सावित्री देवी को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोकदल नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय सावित्री देवी के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित किए। इस दौरान वातावरण शोकपूर्ण रहा और सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में राहुल पूनिया, कुलवंत सोलंकी, ओंकार भदौड़ा, सविता मलिक, जफर राजपूत, विजय ओबराय, अब्बास कुरैशी, जसविंदर गुर्जर, दीपक चौधरी तथा आर्यन तोमर सहित बड़ी संख्या में लोकदल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।