अंतरराज्यीय असलाह तस्कर
मिर्जापुर थाना क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी, 12 बोर की बंदूकें, 425 कारतूस, तमंचा समेत असलहे और स्कॉर्पियो बरामद
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ मेरठ की टीम ने सहारनपुर में कार्रवाई करते हुए तीन कथित अंतरराज्यीय असलाह तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ मेरठ बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। एसटीएफ के अनुसार, तीनों आरोपियों को जनपद सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम पुत्र शोएब खान निवासी मोहल्ला पिलखनतला, चंडीगढ़ पैलेस के पास, थाना मंडी, सहारनपुर, इकराम पुत्र सुल्तान निवासी ग्राम बड़ी माहेश्वरी, थाना चिलकाना, सहारनपुर और दानिश पुत्र असलम खान निवासी कस्बा नकुड़, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है।

भारी मात्रा में असलहा और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक पंप एक्शन 12 बोर, दो 12 बोर की बंदूक, एक 315 बोर की बंदूक, तीन एयर गन, एक 12 बोर का तमंचा और एक तलवार बरामद की गई है। इसके अलावा 12 बोर के कुल 425 कारतूस भी बरामद हुए हैं।
एसटीएफ टीम ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है। पुलिस ने बरामद असलहों और अन्य सामान को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अंतरराज्यीय असलहा तस्करी से जुड़े होने का आरोप
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों पर अंतरराज्यीय स्तर पर असलहा तस्करी में शामिल होने का आरोप है। टीम अब बरामद हथियारों और कारतूसों के स्रोत तथा उनकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर असलहा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।