ग्राम फफूंदा में आयोजित जन चौपाल में चर्चा करते सोमेंद्र तोमर
विभागीय योजनाओं की दी जानकारी, पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
मेरठ । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खंड मेरठ के उच्च प्राथमिक विद्यालय फफूंडा में रात्रि जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जन चौपाल के दौरान डॉ. सोमेंद्र तोमर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा मेरठ तेजी से विकसित होने वाले जिलों में शामिल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से जन चौपालों का आयोजन कर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि पात्र लाभार्थी समय पर इनका लाभ प्राप्त कर सकें।
मेरठ एनसीआर का सबसे तेजी से विकसित होने वाला जिला
राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले वर्षों में मेरठ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि एनसीआर क्षेत्र में मेरठ सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला जिला बनकर उभरा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, परिवहन और शहरी विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
विभागीय प्रदर्शनी का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री, जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में कृषि, समाज कल्याण, पंचायत राज, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने कहा कि जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और पात्र लोगों को लाभान्वित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास योजना, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान गांव के पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। राज्य मंत्री ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश की रक्षा में पूर्व सैनिकों की भूमिका सदैव प्रेरणादायक रही है और समाज को उनके अनुभवों से सीख लेने की आवश्यकता है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित
रात्रि जन चौपाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए।