वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत मेरठ के कांग्रेस कार्यालय पर बैठक करते कांग्रेस पदाधिकारी
मेरठ, 22 अक्टूबर 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली में मेरठ से 10 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। रैली की तैयारियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर चर्चा के लिए गुरुवार को प्रहलाद वाटिका स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला और महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
बैठक में एआईसीसी पर्यवेक्षक अनंत दहिया मौजूद रहे। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन शर्मा ने अध्यक्षता की और कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने संचालन किया। बैठक में रैली के लिए जनसंपर्क बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को शामिल करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
घर-घर तक अभियान का संदेश पहुंचाने की अपील
अनंत दहिया ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के साथी निष्पक्ष चुनाव तथा मताधिकार की रक्षा के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा संकल्प बताया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाने की अपील की। दहिया ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में मेरठ की प्रभावशाली भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिम्मेदारी से जुटें।
लक्ष्य पूरा करने के लिए जनसंपर्क पर जोर
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मताधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
शर्मा ने कहा कि रामलीला मैदान की रैली देश की आवाज उठाने का अवसर है और मेरठ कांग्रेस इसे सफल बनाने के लिए प्रयास करेगी। उन्होंने जिला और महानगर के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, अग्रिम संगठनों तथा कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और 10 हजार लोगों की भागीदारी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जुटने की अपील की।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
बैठक में राकेश सिंह, अवनीश काजला, जाहिद अंसारी, धूम सिंह गुर्जर, सलीमुद्दीन शाह, डॉ. कर्मेंद्र सिंह, तेजपाल डाबका, सत्य प्रकाश शर्मा, शाहनवाज कुरैशी, जवाहर सिंह, सचिन शर्मा, नरेश नेगी, राजू मैरल, विजय चिकारा, अनिल अरोड़ा, अविनाश पवार, पीयूष रस्तोगी, निसार अब्बासी, उदयवीर त्यागी, पीटर हैरिसन, डॉ. अजय शर्मा, बबिता गुर्जर, रीना शर्मा, रवनीश कुमार, रमाकांत शर्मा, संजय वर्मा और नासिर त्यागी सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।