एसडी सदर ने विजन एकेडमी को 2-1 से हराया
मेरठ। सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सदर के मैदान पर गुरुवार को 16 वर्षीय खिलाड़ियों का हॉकी मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एसडी सदर की टीम ने विजन एकेडमी को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। दोनों टीमों ने पूरे मैच में शानदार खेल दिखाया।
प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने बताया कि 40 मिनट के इस मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमें एक-एक गोल की बराबरी पर थीं। विजन एकेडमी की ओर से सुभान कुरैशी ने मैच के 17वें मिनट में गोल किया। एसडी सदर के लिए मयंक त्यागी और अबू बकर ने गोल दागे।
दूसरे हाफ में एसडी सदर को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। टीम ने इसका लाभ उठाते हुए बढ़त बनाई और 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच में अर्पित शर्मा और लकी शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मुकाबले के बाद प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने विजेता एसडी सदर और उपविजेता विजन एकेडमी की टीमों को सम्मानित किया।