तिरंगा रैली निकालते भाजपा कार्यकर्ता
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से शहर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गढ़ रोड स्थित मनसा देवी मंदिर से हुआ। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने तिरंगा श्रृंखला बनाई, जबकि सबसे आगे तिरंगा रथ चल रहा था, जिस पर देशभक्ति के गीत बज रहे थे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि भाजपा तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र के गौरव को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
यात्रा मनसा देवी मंदिर से कालिया गढ़ी, जागृति विहार, पीएनबी वाली सड़क, सेक्टर-4, सेक्टर-2 मार्केट होते हुए तेजगढ़ी चौराहा, फिर नई सड़क, गांधी आश्रम, हापुड़ अड्डा, इंद्रा चौक और बच्चा पार्क से होते हुए भारत माता चौक, बेगमपुल पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
रास्ते में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में हाथों में लहराते तिरंगों से शहर की सड़कें राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आईं।
यात्रा में सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद अरुण गोविल, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद कांता कर्दम सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।