गन्ना समिति
मेरठ। प्रदेश की सहकारी गन्ना विकास समितियों को आधुनिक और तकनीक-सक्षम सेवा केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए गन्ना विभाग ने व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत गन्ना समितियों के जर्जर भवनों का जीर्णोद्धार, निष्क्रिय परिसंपत्तियों का पुनर्विकास, आधुनिक कार्यालयों का निर्माण तथा किसानों और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मेरठ परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने बताया कि गन्ना विभाग ने प्रदेशभर की सहकारी गन्ना विकास समितियों की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की है। इसका उद्देश्य किसानों को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
किराये के दफ्तरों से मिलेगी राहत
उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि वर्तमान में जो गन्ना समितियां किराये के भवनों में संचालित हो रही हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से उनके स्वयं के स्थायी कार्यालय भवन उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं जिन समिति भवनों का लंबे समय से जीर्णोद्धार नहीं हुआ है, उनका आगामी पांच वर्षों में समितियों के बजट से कायाकल्प कराया जाएगा। इससे किसानों को सुव्यवस्थित और बेहतर सेवा केंद्र उपलब्ध होंगे।
जर्जर भवनों और परिसंपत्तियों का होगा नवीनीकरण
योजना के तहत प्रदेश की गन्ना समितियों में स्थित पुराने भवनों, गोदामों तथा अन्य जर्जर परिसंपत्तियों का भी नवीनीकरण कराया जाएगा। इससे समितियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसानों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहले की तुलना में अधिक सुगमता से मिल सकेगा।
महिला किसानों के लिए विशेष सुविधाएं
गन्ना विभाग ने महिला गन्ना कृषकों और महिला कर्मचारियों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी है। प्रत्येक गन्ना समिति और गन्ना विकास परिषद में महिला शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
फार्म मशीनरी बैंक होंगे और मजबूत
कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए फार्म मशीनरी बैंक में उपलब्ध कृषि यंत्रों के सुरक्षित रखरखाव हेतु आधुनिक शेड बनाए जाएंगे। इससे कृषि उपकरणों की गुणवत्ता बनी रहेगी और किसानों को समय पर मशीनें उपलब्ध हो सकेंगी। विभाग का मानना है कि इससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।
किसानों को मिलेगा आधुनिक और पारदर्शी सेवा तंत्र
उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने कहा कि गन्ना समितियों की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की यह पहल प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों के लिए लाभदायक साबित होगी। आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कार्यालय व्यवस्था, सुरक्षित आधारभूत ढांचे और तकनीक-सक्षम सेवाओं के माध्यम से किसानों को योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से मिल सकेगा। यह अभियान गन्ना समितियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।