निर्माणाधीन नई कलेक्ट्रेट बिल्डिंग का औचक निरीक्षण करते मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। मेरठ के जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन नई कलेक्ट्रेट बिल्डिंग का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन में विकसित की जा रही विभिन्न सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन में आने-जाने की व्यवस्था, विभिन्न कार्यालय कक्षों की संरचना, शौचालयों की गुणवत्ता, पार्किंग व्यवस्था, फर्श पर लगाई जा रही टाइल्स, दरवाजों और खिड़कियों की गुणवत्ता सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नई कलेक्ट्रेट बिल्डिंग तैयार होने के बाद प्रशासनिक कार्यों में अधिक सुविधा मिलेगी। आम नागरिकों को बेहतर वातावरण में सरकारी सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा विभिन्न विभागों के कार्यों के संचालन में भी सुगमता आएगी। उन्होंने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूर्ण करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, नाजिर सदर धर्मेन्द्र कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और शेष कार्यों को समय पर पूरा करने का भरोसा दिलाया।