गांधी जयंती के अवसर पर जिला कारागार में कैदियों को सांसद अरुण गोयल ने बांटी रामायण
मेरठ, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती और सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जिला कारागार मेरठ में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेरठ के सांसद अरुण गोविल ने गौशाला में गायों को चारा खिलाया और कारागार में निरुद्ध बंदियों को रामायण की प्रतियां भेंट कीं।

रामायण वितरण का उद्देश्य बंदियों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा से प्रेरणा लेने का अवसर देना बताया गया। इस दौरान अरुण गोविल ने कहा कि श्रीराम का जीवन सत्य, सेवा, त्याग, करुणा और मर्यादा का उदाहरण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रामायण का अध्ययन बंदियों को आत्मचिंतन और सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा देगा।

कार्यक्रम जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। जेलर मनीष, जेलर अवनीश सहित कारागार के अन्य कर्मचारियों ने आयोजन में सहयोग किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि कारागार व्यवस्था का उद्देश्य दंड के साथ-साथ बंदियों को सुधार, आत्मचिंतन और समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर उपलब्ध कराना भी है।

कार्यक्रम में बंदी कल्याण और पुनर्वास के क्षेत्र में कार्य कर रहे वीरीना फाउंडेशन के संस्थापक धीरेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों के सुधार और पुनर्वास में सामाजिक भागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया गया।
गौसेवा और रामायण वितरण के जरिए आयोजित कार्यक्रम में सेवा, करुणा और सद्भाव का संदेश दिया गया। आयोजकों के अनुसार इस तरह की पहल का उद्देश्य बंदियों को सकारात्मक सोच के साथ बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।