मेरठ नगर निगम परिसर में जनगणना 2027 के प्रति जागरूकता का संदेश देते डायट की प्रवक्ता डॉ. मंजीत कौर, डॉ. धीरेन्द्र सिंह, नगर निगम के अधिकारी तथा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले डीएलएड प्रशिक्षुओं की संयुक्त टीम।
डायट के डीएलएड प्रशिक्षुओं ने नगर निगम परिसर में किया नुक्कड़ नाटक, जनगणना 2027 में सही जानकारी देने और बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील
मेरठ। ANN देश की प्रगति, जनकल्याण और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जनगणना के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को मेरठ नगर निगम परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), मेरठ के डीएलएड प्रशिक्षुओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों को भारत की जनगणना 2027 के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में राह चलते लोगों और नगर निगम परिसर में मौजूद नागरिकों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की तथा प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना।
नगर निगम मेरठ के कार्यालय चार्ज अधिकारी, मुख्यालय एवं जोन-2, जनगणना के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में डायट की प्रवक्ता डॉ. मंजीत कौर के निर्देशन में प्रशिक्षुओं ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में डायट के प्रवक्ता डॉ. धीरेन्द्र सिंह का भी सहयोग रहा। नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य जनसाधारण को जनगणना के महत्व से परिचित कराना, जनगणना से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा प्रत्येक नागरिक को सही और संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना रहा।

नुक्कड़ नाटक के दौरान प्रशिक्षुओं ने सरल संवादों और रोचक अभिनय के माध्यम से समझाया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती नहीं, बल्कि देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार भी है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता का आकलन करने में उपयोगी होते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सही जानकारी देश की भविष्य की विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में ‘मेरी जनगणना, मेरा गौरव’, ‘हर नागरिक की हो गिनती, यही है देश की उन्नति’ और ‘जनगणना से जन कल्याण’ जैसे प्रेरणादायक संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। प्रशिक्षुओं ने अपने अभिनय से बताया कि जनगणना के दौरान नागरिकों को बिना किसी भ्रम या आशंका के सही विवरण उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने जनगणना 2027 में सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर डायट की प्रवक्ता डॉ. मंजीत कौर ने बताया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक जनसाधारण तक महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने का एक प्रभावशाली माध्यम है। इसके जरिए कम समय और सरल शब्दों में लोगों को जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जनगणना अभियान के दौरान मेरठ शहर के विभिन्न क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार के जागरूकता नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक जनगणना का संदेश पहुंच सके।

कार्यक्रम में मौजूद नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. उदयभान तथा जनगणना जांच अधिकारी शिप्रा श्रीवास्तव ने भी नागरिकों को जनगणना के महत्व से अवगत कराया। दोनों अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे भारत की जनगणना 2027 में बढ़-चढ़कर भाग लें और संबंधित कर्मचारियों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के सटीक आंकड़े विकास कार्यों की बेहतर योजना बनाने और जनसुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाली डीएलएड प्रशिक्षुओं की टीम में मानसी पाराशर, सोनम, विनिश, संजना, निशा यादव और दक्ष शर्मा सहित अन्य प्रशिक्षुओं ने सक्रिय भागीदारी की। कलाकारों ने अपने संवादों और अभिनय के माध्यम से जनगणना के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
नगर निगम परिसर में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित दर्शकों ने नुक्कड़ नाटक की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है और जनगणना में दी गई सही जानकारी बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार बन सकती है। आयोजकों ने नागरिकों से जनगणना 2027 को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।