रैली में कुल 1,825 महिलाओं, बालिकाओं और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
1,825 महिलाओं, बालिकाओं और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा; हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी
मेरठ । शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत सोमवार, 12 अक्टूबर को मेरठ में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जन-जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस के अनुसार, रैली में कुल 1,825 महिलाओं, बालिकाओं और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन भानु भास्कर, पुलिस उपमहानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति और अपर जिलाधिकारी (नगर) आदित्य प्रजापति की उपस्थिति में हुआ। राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल और विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने भी रैली में शामिल होकर महिला सशक्तिकरण और जागरूकता का संदेश दिया।

बेगमपुल से पुलिस लाइन तक निकली रैली
रैली बेगमपुल से शुरू होकर पीएल शर्मा रोड, कचहरी, कमिश्नरी चौराहा और अंबेडकर चौक से होते हुए पुलिस लाइन परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले सहित विभिन्न क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों, विद्यालयों की छात्राओं और गणमान्य नागरिकों ने इसमें भाग लिया।
हेल्पलाइन और अधिकारों की दी जानकारी
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से जुड़ी सहायता के बारे में बताया। साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया।
महिला सुरक्षा और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, 1098 और 1076 के साथ साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं के बारे में बताया गया।
सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाना अभियान का उद्देश्य
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत विशेष जन-जागरूकता अभियान 11 अक्टूबर से शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा तथा आत्मविश्वास की भावना मजबूत करना और उन्हें अपने अधिकारों व उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना है। मेरठ पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही।