रघुनाथ गर्ल्स कालेज और स्माइल नेशनल महिला कॉलेज के बीच एमओयू
मेरठ, 30 सितंबर 2026। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ के विजुअल आर्ट्स (ड्रॉइंग एवं पेंटिंग) विभाग और इस्माइल नेशनल महिला (पी.जी.) कॉलेज, मेरठ के बीच छात्राओं के शैक्षणिक, रचनात्मक एवं समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू 29 सितंबर 2026 को शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए किया गया है।
कला शिक्षा के क्षेत्र में संयुक्त रूप से होंगे कार्यक्रम
समझौता ज्ञापन के तहत दोनों महाविद्यालय कला शिक्षा और छात्राओं के कौशल विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का संयुक्त रूप से आयोजन करेंगे। इसके अंतर्गत पेशेवर कलाकारों एवं शिक्षकों के साथ कार्यशालाओं, व्याख्यानों तथा संवाद सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को कला के क्षेत्र में विशेषज्ञों से सीधे सीखने और अपने रचनात्मक कौशल को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
कलाकृतियों की प्रदर्शनी और क्यूरेटोरियल कौशल पर जोर
एमओयू के तहत दोनों संस्थानों की छात्राओं की कलाकृतियों की प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही छात्राओं को प्रदर्शनी के आयोजन, कलाकृतियों के चयन एवं प्रस्तुतीकरण से जुड़े क्यूरेटोरियल कौशल का प्रशिक्षण और अनुभव प्रदान किया जाएगा। इससे छात्राओं को कला के व्यावहारिक एवं पेशेवर पक्ष को समझने में मदद मिलेगी।
अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में मिलेगा मंच
दोनों संस्थानों के बीच अंतर-महाविद्यालय ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा छात्राओं को क्षेत्रीय एवं राज्य स्तरीय कला प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ व्यापक स्तर पर कला के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के अवसर मिलेंगे।
दोनों संस्थान सुनिश्चित करेंगे संसाधन और छात्र सहभागिता
एमओयू के अनुसार दोनों महाविद्यालय संयुक्त कार्यक्रमों के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर, संकाय समन्वयक तथा छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। प्रत्येक संस्था कम से कम एक कार्यक्रम का आयोजन एवं प्रायोजन करेगी। इस तरह दोनों संस्थान एक-दूसरे के शैक्षणिक एवं कलात्मक संसाधनों का सहयोगात्मक रूप से उपयोग करते हुए छात्राओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगे।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 तक प्रभावी रहेगा समझौता
यह समझौता ज्ञापन शैक्षणिक सत्र 2026-2027 तक प्रभावी रहेगा। दोनों संस्थानों की आपसी सहमति के आधार पर इसे आगे भी नवीनीकृत किया जा सकता है। एमओयू का उद्देश्य छात्राओं को कला शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक सोच, व्यावहारिक अनुभव और प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है।
प्राचार्य ने बताया महत्वपूर्ण कदम
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर निवेदिता कुमारी ने कहा कि यह एमओयू कला शिक्षा के क्षेत्र में मेरठ की छात्राओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्राओं के शैक्षणिक एवं रचनात्मक विकास को बढ़ावा मिलेगा और उन्हें कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर प्रो. अर्चना रानी ने भी एमओयू को कला शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में डॉ. नाजिमा इरफान, डॉ. आँचल सिंह और डॉ. दिशा दिनेश सहित अन्य संबंधित शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
मीडिया प्रभारी प्रोफेसर सुनीता एवं डॉ. पूनम लता की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि दोनों संस्थान छात्राओं के हित में भविष्य में भी संयुक्त शैक्षणिक एवं कला संबंधी गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।