छात्रवृति को लेकर कार्यशाला आयोजित
मेरठ, 30 सितंबर 2026। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ में बुधवार को प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन में छात्रवृत्ति समिति की ओर से छात्रवृत्ति जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, उनकी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन की समय-सीमा के संबंध में विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना था।
छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया समझाई
कार्यशाला में छात्रवृत्ति समिति की प्रभारी डॉ. प्रीति ने छात्राओं को छात्रवृत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के साथ-साथ आवेदन करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। छात्राओं को समय से आवेदन करने तथा छात्रवृत्ति से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों और पोर्टल का ही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. प्रीति ने छात्राओं को छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीकरण कराने, ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) पूरा करने, ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा करने की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को आवेदन में व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक विवरण सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि के कारण उनका आवेदन प्रभावित न हो।
दस्तावेज समय से तैयार रखने की दी सलाह
कार्यशाला में छात्राओं को विशेष रूप से बताया गया कि छात्रवृत्ति आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें। उन्हें हाईस्कूल के अंकपत्र में दर्ज विवरण के अनुसार आधार कार्ड को अपडेट कराने, आवश्यक प्रमाण पत्र समय से बनवाने तथा आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना पूरी प्रक्रिया समय से पहले पूरी करने के लिए प्रेरित किया गया।
आर्थिक परिस्थितियां शिक्षा में बाधा न बनें : प्रो. अर्चना रानी
महाविद्यालय की डीन एकेडमिक प्रो. अर्चना रानी ने अपने संबोधन में कहा कि आर्थिक परिस्थितियां छात्राओं की शिक्षा और उनके सपनों के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। उपलब्ध छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका उचित लाभ उठाना प्रत्येक पात्र छात्रा के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने छात्राओं से छात्रवृत्ति संबंधी योजनाओं की जानकारी लेकर समय से आवेदन करने का आह्वान किया।
उच्च शिक्षा जारी रखने में मिलेगी मदद : प्राचार्या
प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने छात्राओं को उपलब्ध छात्रवृत्ति योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाएं पात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहायता प्रदान करती हैं। इसलिए छात्राओं को योजनाओं की जानकारी रखने के साथ-साथ निर्धारित प्रक्रिया और समय-सीमा का पालन करते हुए आवेदन करना चाहिए।
छात्राओं ने पूछे सवाल, समिति ने किया समाधान
कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने छात्रवृत्ति से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। छात्रवृत्ति समिति की प्रभारी डॉ. प्रीति ने छात्राओं की जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान किया तथा आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी शंकाओं को दूर किया। कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं में छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध आर्थिक सहायता के अवसरों को समझने में मदद मिली।
समिति के सदस्यों और छात्राओं का रहा सहयोग
कार्यक्रम के सफल आयोजन में छात्रवृत्ति समिति के सदस्यों डॉ. नाजिमा इरफान, श्रीमती अनामिका, डॉ. मीनाक्षी जैन और डॉ. पंकज मौर्य का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इसके अलावा छात्राओं खुशी, सानिया, जुबी, सन, कनिका, संजना, आंचल, विशाखा, सोनम और अंशी ने भी कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया।