मेरठ कॉलेज इग्नू केंद्र समन्वयक, प्रो चंद्रशेखर एडमिशन संबंधी जानकारी देते हुए
मेरठ। उच्च शिक्षा को अधिक रोजगारपरक, कौशल आधारित और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के मेरठ कॉलेज स्थित अध्ययन केंद्र ने जुलाई 2026 सत्र के लिए अनेक नए एवं नवाचार आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस बार विद्यार्थियों के लिए बीए होम साइंस, क्रिमिनल जस्टिस और सोशल वर्क जैसे रोजगारोन्मुखी विषयों के साथ-साथ कई नए स्नातकोत्तर एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।
इग्नू अध्ययन केंद्र के अनुसार इस सत्र में विद्यार्थियों को अपनी रुचि और करियर की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विषयों में अध्ययन का अवसर मिलेगा। नए पाठ्यक्रमों में बीए होम साइंस, क्रिमिनल जस्टिस, सोशल वर्क में सर्टिफिकेट, एमए भगवद्गीता, ज्योतिष, हिंदू अध्ययन, एंथ्रोपोलॉजी, जनरलिज्म तथा एप्लाइड उर्दू जैसे विषय शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक कौशल और रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए भी तैयार करना है।
इग्नू का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और रोजगारपरक शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। इसी सोच के तहत विश्वविद्यालय लगातार ऐसे पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है, जो वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप हों और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं उपलब्ध करा सकें।
मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप कौशल आधारित एवं बहुविषयक शिक्षा आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इग्नू द्वारा शुरू किए गए ये नए पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान, आधुनिक सोच और रोजगारोन्मुखी दक्षता प्रदान करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपने भविष्य को नई दिशा देने का आह्वान किया।
इग्नू अध्ययन केंद्र, मेरठ कॉलेज के समन्वयक प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र के लिए फ्रेश एडमिशन (Fresh Admission) और री-रजिस्ट्रेशन (Re-registration) की प्रक्रिया ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते अपना प्रवेश सुनिश्चित कर लें।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अध्ययन केंद्र पर पहले से संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर, वाणिज्य, प्रबंधन तथा अन्य व्यावसायिक कार्यक्रमों में भी प्रवेश जारी है। विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक परामर्श, असाइनमेंट, परीक्षा एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाएं अध्ययन केंद्र पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अध्ययन केंद्र प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे जुलाई 2026 सत्र का लाभ उठाने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थी मेरठ कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र पर व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं तथा ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
प्रमुख बिंदु:
- जुलाई 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू।
- बीए होम साइंस, क्रिमिनल जस्टिस एवं सोशल वर्क सहित नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम शामिल।
- एमए भगवद्गीता, ज्योतिष, हिंदू अध्ययन, एंथ्रोपोलॉजी, जनरलिज्म और एप्लाइड उर्दू में भी प्रवेश।
- ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा।
- प्रवेश एवं री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026।
विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक परामर्श एवं परीक्षा संबंधी सभी सुविधाएं अध्ययन केंद्र पर उपलब्ध होंगी।