पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपी
मेरठ। मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र में देर रात पुलिस और लूट की घटनाओं में शामिल बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने के प्रयास में मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी किठौर के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी किठौर के नेतृत्व में 4/5 जुलाई की रात क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे संदिग्ध
पुलिस टीम गंगा ढाबा के निकट निर्माणाधीन अंडरपास पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर दोनों वाहन चालक तेजी से मुड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो स्कूटी सवार बदमाश वाहन छोड़कर भागने लगा और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा आरोपी मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
विपिन पुत्र जगपाल, निवासी रजापुर हसनपुर, थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ।
विकास उर्फ रोहित उर्फ गुरु पुत्र महावीर, निवासी ग्राम महरौली, थाना परतापुर, जनपद मेरठ।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने निम्न सामान बरामद किया है—
एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर)
एक खोखा कारतूस
एक जीवित कारतूस
थाना किठौर के मुकदमा संख्या 280/2026 में लूटी गई मोटरसाइकिल
घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी
थाना हस्तिनापुर क्षेत्र से लूटा गया मोबाइल फोन
लूट के ₹10,800 नकद
कई लूट और गंभीर अपराधों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विकास उर्फ रोहित उर्फ गुरु के विरुद्ध मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, अवैध हथियार, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के 36 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं दूसरे आरोपी विपिन के खिलाफ भी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों के अन्य साथियों की इस गिरोह में क्या भूमिका रही है और हाल के दिनों में हुई अन्य लूट की घटनाओं से उनका कोई संबंध है या नहीं।