छात्र कल्याण परिषद का उद्घाटन करतीं मुख्य अतिथि
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में मंगलवार, 7 अक्टूबर को छात्र कल्याण परिषद के उद्घाटन एवं बैज वितरण के अवसर पर बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सत्र की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न पाठ्यक्रमों, नियमों, सुविधाओं और उनके लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी गई।
छात्राओं का सर्वांगीण विकास महाविद्यालय की प्राथमिकता
कार्यक्रम में प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में छात्राओं का शैक्षणिक विकास करने के साथ उनमें आत्मविश्वास पैदा करना और उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण करना प्राथमिकता है।
उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपने विद्यार्थी जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या ने कहा कि छात्राएं लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ आगे बढ़ें और महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कॉलेज की विरासत से कराया परिचित
डीन एकेडमिक्स प्रो. अर्चना रानी ने नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय की विरासत और शैक्षणिक परंपरा से परिचित कराया। उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थी जीवन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
प्रो. नीना बत्रा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति यानी NEP के अंतर्गत विषय चयन और क्रेडिट सिस्टम की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि नई शिक्षा व्यवस्था में विषयों और क्रेडिट का क्या महत्व है तथा पढ़ाई के दौरान उन्हें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

कॉलेज की विभिन्न कमेटियों में सहभागिता की दी जानकारी
प्रो. सोनिका चौधरी ने महाविद्यालय में शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों को संचालित करने वाली विभिन्न समितियों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को इन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के अवसरों के बारे में भी बताया।
प्रो. भावना मित्तल ने खेल एवं योग से संबंधित गतिविधियों की जानकारी देते हुए छात्राओं को इनमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया। डॉ. गीतिका सिंघल ने महाविद्यालय में छात्राओं के लिए उपलब्ध मेडिकल सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
शिकायत निवारण पोर्टल और स्कॉलरशिप की जानकारी
प्रो. रजनी श्रीवास्तव ने छात्राओं को शिकायत एवं निवारण पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी समस्या या शिकायत की स्थिति में छात्राएं किस प्रकार निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से अपनी बात महाविद्यालय प्रशासन तक पहुंचा सकती हैं।
डॉ. प्रीति ने महाविद्यालय में छात्राओं के लिए उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक प्रक्रिया और इससे संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी छात्राओं के साथ साझा की।

छात्रा रिया त्यागी ने साझा किए अपने अनुभव
बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा रिया त्यागी ने नवप्रवेशित छात्राओं के साथ महाविद्यालय से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण और विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता से मिले अनुभवों के बारे में बताया।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। छात्रा श्रेया श्रीवास्तव ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, जबकि प्रिया विश्वास और रिद्धिमा सिंह ने नृत्य प्रस्तुति दी। पुरातन छात्रा भव्या जायसवाल ने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरे।
छात्र कल्याण परिषद की टीम का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम का संचालन डीन छात्र कल्याण परिषद प्रो. अनु रस्तोगी ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, शिक्षिकाओं और छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र कल्याण परिषद की सदस्य प्रो. अपर्णा वत्स, चिंकी उपाध्याय, डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ. उपासना, डॉ. शैल वर्मा, डॉ. ज्योति दुबे तथा शीबा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
महाविद्यालय की ओर से मीडिया प्रभारी प्रो. सुनीता और डॉ. पूनम लता सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।