यातायात जागरूकता संदेश देते पहल एक प्रयास के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता
स्वयंसेवकों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की अपील की; डॉ. विश्वजीत बैम्बी ने कहा—सड़क सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी
मेरठ । पहल एक प्रयास के स्वयंसेवकों ने अपने अनवरत अभियान के 677वें सप्ताह में यातायात जागरूकता कार्यक्रम चलाया। अभियान के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति सचेत किया गया। अभियान का पड़ाव तेजगढ़ी और गांधी आश्रम चौराहे मुख्य रूप से रहा
स्वयंसेवकों ने प्लेकार्ड के माध्यम से बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और कार में सीट बेल्ट लगाने की अपील की। लोगों से बातचीत कर यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया। कई राहगीर रुककर स्वयंसेवकों से जुड़े और उनकी बात सुनी।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने वाहनों को व्यवस्थित रूप से निकलवाने और यातायात सुचारु रखने में मदद की। प्लेकार्ड पर सभ्य नागरिक बनने, यातायात जागरूकता और सार्वजनिक सुविधाओं को सहेजने से जुड़े संदेश लिखे थे। स्वयंसेवकों ने कहा कि नागरिकों की जिम्मेदारी और सार्वजनिक संसाधनों का संरक्षण विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर डॉ. विश्वजीत बैम्बी ने कहा, “सड़क पर सुरक्षा हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान की रक्षा के लिए बनाए गए हैं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और उसका पट्टा बांधें। कार में चालक सहित सभी लोग सीट बेल्ट लगाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, तेज गति और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें तथा ट्रैफिक सिग्नल और सड़क संकेतों का पालन करें।”
उन्होंने पैदल चलने वालों से सड़क पार करते समय सावधानी बरतने और वाहन चालकों से उन्हें रास्ता देने की अपील की। डॉ. बैम्बी ने कहा कि कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी किसी परिवार के लिए जीवनभर का दुख बन सकती है। उन्होंने सभी से जिम्मेदार नागरिक बनने और सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने का आह्वान किया।
अभियान के कप्तान नीतपाल सिंह और किरण चौधरी रहे। पंकज पहल, प्रदीप सिंह, पुष्पा चिकारा, अरुण शर्मा, कुलदीप गुप्ता, राहुल अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, भानु सिंह, अर्पित भारद्वाज, अनु भाटिया, केजी भारद्वाज और शिवेंद्र बैम्बी सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।