डॉग स्क्वायड टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में ऑपरेशन चलाया
पंचकूला। हरियाणा सरकार के “नशामुक्त हरियाणा अभियान” को सफल बनाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पंचकूला पुलिस ने “मैदान 2.0” अभियान के तहत शनिवार को डॉग स्क्वॉड की सहायता से विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस अभियान के दौरान नशा तस्करों, संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशों तथा डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभियान के तहत आशियाना सेक्टर-26, बंगला बस्ती कालका तथा गांव अभयपुर सहित कई क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों ने क्षेत्र की गलियों, सार्वजनिक स्थलों, खाली प्लॉटों, झुग्गी-बस्तियों, झाड़ियों, सुनसान स्थानों और संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से जांच की। डॉग स्क्वॉड की मदद से उन स्थानों को विशेष रूप से खंगाला गया, जहां नशीले पदार्थों की तस्करी, भंडारण या सेवन की आशंका थी। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन की कार्रवाई भी की गई तथा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद भी स्थापित किया और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास नशे की खरीद-फरोख्त, तस्करी या सेवन से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर शिकंजा कसना ही नहीं बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाना भी है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की है। इसके लिए पंचकूला पुलिस ने विशेष ड्रग इन्फो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 और 7087081048 जारी किए हैं, जहां कोई भी व्यक्ति नशे से संबंधित सूचना दे सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई को जारी रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एरिया डोमिनेशन, विशेष चेकिंग अभियान, कॉम्बिंग ऑपरेशन, गश्त और नशा विरोधी गतिविधियां नियमित रूप से जारी रहेंगी।
पंचकूला पुलिस का कहना है कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही नशा मुक्त हरियाणा के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है और इसी दिशा में पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।