मोहर्रम पर्व को लेकर क्षेत्र वासियों के साथ वार्ता करते एस.पी.सिटी विनायक गोपाल भोसले
मेरठ। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ पुलिस द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) मेरठ ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों के सम्भ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक के दौरान मोहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजिया जुलूसों एवं उनके निर्धारित मार्गों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, बिजली के लटकते तारों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित पक्षों से सुझाव लिए गए और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसपी सिटी ने उपस्थित सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराया जा सकता है। बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं एवं ताजियादारों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह दी। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा उकसावे वाली पोस्टों पर ध्यान न देने और ऐसी किसी भी सामग्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों को आश्वस्त किया कि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि किसी भी समस्या, संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें और मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ सम्पन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।