कृषि विश्वविद्यालय में बनेगा 1500 क्षमता का स्वामी विवेकानंद सभागार
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया शिलान्यास, 38.21 करोड़ रुपये से होगा निर्माण, मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य
मेरठ। ANN
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम में 1500 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक स्वामी विवेकानंद सभागार बनाया जाएगा। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सभागार का विधिवत शिलान्यास किया। 38.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस सभागार का निर्माण मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

योगी सरकार द्वारा प्रदेश के कृषि एवं उच्च शिक्षा संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं, शोध, नवाचार और तकनीकी संसाधनों से सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत इस सभागार का निर्माण कराया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में लाइब्रेरी के पीछे बनने वाले सभागार का निर्माण उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
सभागार के निर्माण से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़े शैक्षणिक आयोजनों, कृषि वैज्ञानिकों के सम्मेलनों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनारों, शोध संवाद, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विद्यार्थी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय की हाईटेक सब्जी पौधशाला का भी निरीक्षण किया। यहां फूलगोभी, ब्रोकली, शिमला मिर्च, बैंगन और टमाटर सहित विभिन्न सब्जियों की कुल 74,600 पौध तैयार की गई हैं। इनमें 58 हजार पौध किसानों द्वारा उपलब्ध कराए गए बीजों से तैयार की गई हैं, जबकि 16,600 पौध किसानों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध होने के साथ आधुनिक तकनीक से सब्जी उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
उद्यान अनुसंधान केंद्र में राज्यपाल ने हल्दी की वल्लभ प्रिया प्रजाति के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने गेहूं, गन्ना और आलू जैसी परंपरागत फसलों के साथ फसल विविधीकरण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती में नए विकल्प तलाशने चाहिए, जिससे उनकी आमदनी के स्रोत बढ़ सकें।

राज्यपाल ने प्रसार निदेशालय में अधिष्ठाताओं, निदेशकों एवं विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खेती के साथ पशुपालन को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। मौसम की अनिश्चितता और अचानक वर्षा से फसलों को नुकसान होने की स्थिति में पशुपालन किसानों की आय का मजबूत सहारा बन सकता है।
उन्होंने विश्वविद्यालय में कृत्रिम गर्भाधान की प्रयोगशाला विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे विद्यार्थियों के साथ क्षेत्र के युवाओं को भी प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी प्राप्त हो सके।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों द्वारा संचालित कोऑपरेटिव मेस की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने छात्राओं को भी महीने में एक बार स्वयं मेस में भोजन तैयार करने की गतिविधि में शामिल होने का सुझाव दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गांव में उपलब्ध थोड़ी सी जमीन पर जैविक खेती शुरू करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय से प्राप्त तकनीकी ज्ञान का उपयोग विद्यार्थी अपने गांव और परिवार के लिए करें। इससे परिवारों को पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीक का प्रसार होगा।
विश्वविद्यालय के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में दो एकड़ क्षेत्र में विकसित रजत जयंती वन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लाल चंपा का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस वन में 11 विभिन्न प्रजातियों के कुल 310 पौधे लगाए गए हैं। विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से विकसित इस वन में शिक्षकों ने अपने नाम से फलदार पौधे भी लगाए हैं।
रजत जयंती वन में अंतर्वर्ती खेती के तहत फूलगोभी, ब्रोकली, पत्तागोभी, चुकंदर और गाजर सहित विभिन्न सब्जियां उगाई जा रही हैं। बीएससी उद्यान द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी इस गतिविधि के माध्यम से पौध प्रबंधन, फसल उत्पादन एवं उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त राज्यपाल ने कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इनक्यूबेशन एवं एंटरप्रेन्योर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में विकसित हो रही आधुनिक तकनीकी सुविधाओं तथा विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने कृषि शिक्षा, तकनीकी नवाचार, पशुपालन, जैविक खेती, फसल विविधीकरण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।