सेवानिवृत्त विदाई समारोह के दौरान अपने कार्यकाल के दिनों की चर्चा करते प्रो युधवीर सिंह
मेरठ, 22 सितंबर 2026। मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति की ओर से मंगलवार को केंद्रीय पुस्तकालय में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह के सेवानिवृत्ति अवसर पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। शाम 4:30 बजे शुरू हुए समारोह में प्रबंध समिति के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, वरिष्ठ शिक्षकों और शिक्षक समुदाय ने प्रो. युद्धवीर सिंह के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय भविष्य की कामना की।
शेरो-शायरी के जरिए व्यक्त किए भाव
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन प्रो. अर्चना सिंह और प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने किया। जूलॉजी विभाग के प्रो. नीरज कुमार ने समारोह में उपस्थित अतिथियों, प्रबंध समिति के सदस्यों एवं शिक्षकों का स्वागत किया। प्रबंध समिति के संरक्षक डॉ. रामकुमार गुप्ता ने शेरो-शायरी के माध्यम से प्रो. युद्धवीर सिंह के व्यक्तित्व और उनके कार्यकाल को याद किया।
प्रबंध समिति के सचिव श्री विवेक कुमार ने प्रो. युद्धवीर सिंह के लंबे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष श्री अमित बंसल सहित कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्यों श्री संजीवेश्वर प्रकाश, श्री जयवीर सिंह, श्री अनुराग गौड़, श्री अनुराग दुबलिश, डॉ. एसपी देशवाल, श्री विजय प्रकाश मित्तल और श्री अंकुर जैन सहित अन्य सदस्यों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
2024 से 2026 के बीच 650 शोध-पत्र और 63 पुस्तकों का प्रकाशन
समारोह के दौरान महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। वरिष्ठ शिक्षकों डॉ. सांत्वना शर्मा और डॉ. वाचस्पति मिश्रा ने अंग्रेजी एवं संस्कृत में प्रो. युद्धवीर सिंह के कार्यकाल और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं के अनुसार, वर्ष 2024 से 2026 के बीच मेरठ कॉलेज में 650 शोध-पत्र और 63 पुस्तकों का प्रकाशन हुआ। इसी अवधि में 76 सेमिनार, 24 औद्योगिक भ्रमण, 22 एमओयू, 35 पूर्व छात्र मिलन समारोह तथा 374 विस्तार एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन किया गया। समारोह में इन उपलब्धियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्थागत गतिविधियों के विस्तार से जोड़कर देखा गया।
क्रिकेट प्रशासन में भी रही सक्रिय भूमिका
समारोह में प्रो. युद्धवीर सिंह की खेल क्षेत्र में भूमिका का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि वह वर्ष 2011 से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से जुड़े रहे और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में सचिव की जिम्मेदारी भी निभाई।
वक्ताओं ने वर्ष 2025 में भारत-इंग्लैंड क्रिकेट श्रृंखला के दौरान टीम इंडिया के प्रतिनिधिमंडल के साथ उनकी सहभागिता का उल्लेख किया। इस दौरान किंग चार्ल्स से हुई उनकी मुलाकात का भी समारोह में जिक्र किया गया।
साफा और पटका पहनाकर किया सम्मान
देवनागरी शिक्षा समिति के सचिव श्री अजय अग्रवाल एवं संयुक्त सचिव श्री संजीवेश्वर प्रकाश ने प्रो. युद्धवीर सिंह को साफा एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया। वहीं, प्रबंध कार्यकारिणी की ओर से प्रो. युद्धवीर सिंह को स्मृति-चिह्न के रूप में राम दरबार भेंट किया गया।
सेवानिवृत्ति के बाद भी कॉलेज के लिए सहयोग का भरोसा
अपने संबोधन में प्रो. युद्धवीर सिंह ने मेरठ कॉलेज से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रबंध समिति से महाविद्यालय के विकास के लिए भविष्य में भी निरंतर सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वह मेरठ कॉलेज के लिए हर संभव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए प्रबंध समिति, शिक्षकों और महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं
समारोह की अध्यक्षता मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि प्रो. युद्धवीर सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, प्रशासनिक और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने प्रो. युद्धवीर सिंह के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक समुदाय ने याद किया योगदान
समारोह में प्रबंध समिति के सदस्यों, कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और शिक्षक समुदाय ने प्रो. युद्धवीर सिंह के योगदान को याद किया। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल के अनुभवों और महाविद्यालय से उनके जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उनके सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रो. युद्धवीर सिंह के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की गई।