पीवीवीएनएल
मेरठ #ANN धनतेरस, दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान उपभोक्ताओं को सुचारु एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने 5 नवंबर की सुबह मेरठ स्थित डिस्कॉम मुख्यालय, ऊर्जा भवन परिसर में संचालित 24×7 कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं, बिजली आपूर्ति की निगरानी और नियंत्रण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर और गौतमबुद्धनगर सहित सभी 14 जनपदों में त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी क्षेत्र से ब्रेकडाउन या आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए और कम से कम समय में बिजली बहाल की जाए।
मरम्मत गैंग और ट्रॉली ट्रांसफार्मर तैयार रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में मरम्मत गैंग और ट्रॉली ट्रांसफार्मर की पूर्व व्यवस्था रखने तथा आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में मरम्मत कार्य शुरू करने में देरी न हो और विद्युत व्यवधान का समाधान शीघ्र किया जाए।
सभी 14 जिलों के कंट्रोल रूम को सक्रिय और सतर्क रखने के साथ वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से बिजली आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जाएगी। उपभोक्ताओं से मिलने वाली शिकायतों और विद्युत व्यवधान की सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
बिजलीघरों पर मौजूद रहें अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी
प्रबंध निदेशक ने अवर अभियंताओं और उपखंड अधिकारियों को संबंधित बिजलीघरों पर उपस्थित रहकर आपूर्ति की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्रेकडाउन या किसी अन्य विद्युत व्यवधान की स्थिति में अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें और आवश्यक कार्रवाई कर आपूर्ति जल्द बहाल कराएं।
निरीक्षण के दौरान उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 18004101912 पर प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
उपभोक्ता सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और बेहतर उपभोक्ता सेवाएं डिस्कॉम की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूर्ण तत्परता और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा। बिजली संबंधी शिकायत या सहायता के लिए उपभोक्ता अपने जिले के नियंत्रण कक्ष से भी संपर्क कर सकते हैं।
जनपदवार विद्युत नियंत्रण कक्ष संपर्क नंबर
जनपद संपर्क नंबर
- मेरठ 9193330312
- बागपत 9193330171
- गाजियाबाद 9193320115
- बुलंदशहर 9193302137
- हापुड़ 9193319903
- सहारनपुर 9193330422
- मुजफ्फरनगर 9193331304
- शामली 9193330951
- मुरादाबाद 9193300109
- संभल 9193300411
- रामपुर 9193300636
- अमरोहा 9193331320
- बिजनौर 9193331324
- गौतमबुद्धनगर 9193301659