मेरठ कॉलेज और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के बीच हुआ शोध सहयोग का समझौता
मेरठ, 21 अक्टूबर। मेरठ कॉलेज के वनस्पति विज्ञान एवं जन्तु विज्ञान विभाग ने अकादमिक सहयोग और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, मोहाली के यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर रिसर्च एंड डेवलपमेंट (यूसीआरडी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के माध्यम से दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त शोध, विद्यार्थी प्रशिक्षण और शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा।
संयुक्त परियोजनाओं और शोध प्रकाशनों पर रहेगा जोर
समझौते के तहत जैव विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी और जैव विविधता संरक्षण जैसे क्षेत्रों में संयुक्त शोध परियोजनाएं संचालित करने की संभावनाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही शोध प्रकाशनों, संकाय सदस्यों के संवाद और विद्यार्थियों के प्रशिक्षण पर भी सहयोग किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को नए शैक्षणिक अवसर मिलेंगे तथा उनके शोध कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विद्यार्थियों को आधुनिक शोध पद्धतियों से जुड़ने का अवसर
मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव विवेक कुमार गर्ग ने कहा कि यह समझौता महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास और शोध गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि साझेदारी से विद्यार्थियों को आधुनिक शोध पद्धतियों से जुड़ने और अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप देने के अवसर मिलेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने कहा कि दो प्रतिष्ठित संस्थानों के बीच यह साझेदारी अकादमिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को प्रशिक्षण, नवाचार और संयुक्त अनुसंधान के नए अवसर प्राप्त होंगे।
वैज्ञानिक शोध और नवाचार को मिलेगा प्रोत्साहन
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर एडवांस्ड कैंसर रिसर्च के निदेशक प्रो. उमेश कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक शोध, नवाचार और अनुसंधान आधारित अध्ययन को प्रोत्साहित करने में इस प्रकार का सहयोग महत्वपूर्ण है।
मेरठ कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो. हरजिंदर सिंह ने कहा कि समझौते से संयुक्त शोध परियोजनाओं, शोध प्रकाशनों और विद्यार्थी प्रशिक्षण के नए रास्ते खुलेंगे। कार्यक्रम का संचालन भी प्रो. हरजिंदर सिंह ने किया।
महाविद्यालय के शिक्षक और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर आईक्यूएसी संयोजक प्रो. अर्चना सिंह, जन्तु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. रश्मि मिश्रा, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. एन.पी. सिंह, डीन प्रो. अनीता मलिक, प्रो. नूपुर प्रसाद, प्रो. अनुराधा सिंह, प्रो. प्रगति रस्तोगी, प्रेस प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज तथा डॉ. पंकज कुमार भारती उपस्थित रहे।