गन्ना किसान
सात संवर्गों में प्रदेशभर के किसानों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा, 1078 आवेदन हुए प्राप्त; शामली के तीन किसानों ने अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल किया, पूर्वांचल के चार किसानों को मिलेगा प्रोत्साहन पुरस्कार
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास विभाग ने राज्य गन्ना प्रतियोगिता वर्ष 2025-26 के विजेताओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल 1078 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। विभाग द्वारा नामित कटाई अधिकारियों से प्राप्त परिणामों के आधार पर सात अलग-अलग संवर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले किसानों का चयन किया गया है। प्रतियोगिता में हरदोई के किसान अमर सिंह ने शीघ्र पौधा संवर्ग में 2430.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर गन्ना उत्पादन कर प्रथम स्थान हासिल किया। विभाग के अनुसार प्रतियोगिता में शामिल किसानों ने वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, उन्नत बीजों और ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया है।
सात अलग-अलग संवर्गों में किसानों का हुआ चयन
प्रदेश के आयुक्त, गन्ना एवं चीनी के अनुसार प्रतियोगिता में शीघ्र पौधा, पेड़ी, सामान्य पौधा, ड्रिप विधि से सिंचाई पौधा, ड्रिप विधि से सिंचाई पेड़ी, युवा गन्ना किसान पौधा और युवा गन्ना किसान पेड़ी संवर्ग शामिल किए गए। इन सभी श्रेणियों में प्रदेशभर से प्राप्त 1078 आवेदनों के बाद फसल की उपज के आधार पर किसानों का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद प्रत्येक संवर्ग में तीन-तीन किसानों को प्रदेश स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का विजेता घोषित किया गया।
हरदोई के अमर सिंह ने 2430 क्विंटल प्रति हेक्टेयर गन्ना पैदा कर बनाया पहला स्थान
शीघ्र पौधा संवर्ग में हरदोई के ग्राम महसूलापुर, जोन रूपापुर निवासी अमर सिंह पुत्र जयपाल सिंह ने 2430.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। पीलीभीत के ग्राम बहरी, जोन पूरनपुर निवासी सुखदीप सिंह पुत्र सरजीत सिंह 2222.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ दूसरे स्थान पर रहे। शाहजहांपुर के ग्राम कुर्रिया ढोढ़ों, जोन तिलहर निवासी कौशल कुमार पुत्र हरिसरन लाल ने 2167.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के साथ इस संवर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पेड़ी संवर्ग में शामली के देवेन्द्र प्रथम
पेड़ी संवर्ग में शामली के ग्राम एरेटी, जोन शामली निवासी देवेन्द्र पुत्र लक्ष्मी चन्द ने 1998.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर गन्ना उत्पादन कर प्रथम स्थान हासिल किया। सहारनपुर के ग्राम बिडवी निवासी सुधीर पुत्र महेन्द्र सिंह ने 1936.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। बागपत के ग्राम आदमपुर, जोन खतौली निवासी अनुज पंवार पुत्र धनराज को 1935.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के आधार पर तीसरे स्थान का विजेता घोषित किया गया।
सामान्य पौधा संवर्ग में शाहजहांपुर के कौशल कुमार ने मारी बाजी
सामान्य पौधा संवर्ग में शाहजहांपुर के कौशल कुमार पुत्र हरिसरन लाल ने 1725.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। बुलंदशहर के ग्राम सीही, जोन अगौता निवासी सुधीर सिंह पुत्र ओंकार सिंह 1695.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ दूसरे और ग्राम नत्थूगढ़ी निवासी जितेन्द्र कुमार पुत्र वीरपाल 1446.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
ड्रिप सिंचाई पौधा संवर्ग में बिजनौर के अक्षांश सिंह प्रथम
ड्रिप विधि से सिंचाई पौधा संवर्ग में बिजनौर के ग्राम लुहारवाली, जोन अफजलगढ़ निवासी अक्षांश सिंह पुत्र सुदेव सिंह ने 2068.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन कर पहला स्थान प्राप्त किया। बुलंदशहर के ग्राम चिंगरावटी, जोन अगौता निवासी महावीर पुत्र बहाल सिंह ने 1832.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं बुलंदशहर के ग्राम एत्मादपुर निवासी रतनपाल सिंह पुत्र झंगडू सिंह 1821.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
ड्रिप सिंचाई पेड़ी में शामली के इन्द्रपाल सिंह अव्वल
ड्रिप विधि से सिंचाई पेड़ी संवर्ग में शामली के ग्राम टिटौली निवासी इन्द्रपाल सिंह पुत्र ब्रह्म स्वरूप ने 1865.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। बिजनौर के ग्राम हैजरी, जोन धामपुर निवासी समरजीत सिंह पुत्र रामपाल सिंह ने 1759.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। मुजफ्फरनगर के ग्राम सिमर्थी, जोन खाईखेड़ी निवासी श्रीमती राकेशवती पत्नी रणवीर सिंह 1646.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
युवा गन्ना किसान पौधा संवर्ग में मुजफ्फरनगर के नितिन चौधरी प्रथम
युवा गन्ना किसान पौधा संवर्ग में मुजफ्फरनगर के ग्राम रहावती, जोन खतौली निवासी नितिन चौधरी पुत्र धन सिंह ने 1690.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ पहला स्थान हासिल किया। बिजनौर के ग्राम लुहारवाली निवासी श्रेम विशेष सिंह पुत्र उमेश सिंह ने 1610.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के साथ दूसरा और मुजफ्फरनगर के ग्राम लछेड़ा, जोन मंसूरपुर निवासी निकित कुमार पुत्र संजीव चौधरी ने 1368.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
युवा गन्ना किसान पेड़ी में शामली के उज्जवल देशवाल प्रथम
युवा गन्ना किसान पेड़ी संवर्ग में शामली के ग्राम वधैव निवासी उज्जवल देशवाल पुत्र सचिन कुमार ने 1507.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। शामली के ग्राम ऊन निवासी अमित कुमार पुत्र राजवीर ने 1482.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ दूसरा तथा ग्राम रायपुर, जोन थानाभवन निवासी जितेन्द्र पुत्र विशम्बर ने 1470 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विजेता किसानों को 51 हजार रुपये तक का पुरस्कार
राज्य गन्ना प्रतियोगिता में प्रत्येक संवर्ग के प्रथम स्थान प्राप्त किसान को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त किसान को 31 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त किसान को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ विजेता किसानों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
पूर्वांचल के चार गन्ना किसानों को पांच-पांच हजार रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार
प्रतियोगिता के विभिन्न संवर्गों के मुख्य विजेताओं में पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों की सहभागिता नहीं होने के कारण गन्ना विकास विभाग ने पूर्वांचल में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए चार किसानों को पांच-पांच हजार रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। शीघ्र पौधा संवर्ग में कुशीनगर के ग्राम तरया हंसराज निवासी सत्यनरायन पुत्र सीताराम को 1600.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर, पेड़ी संवर्ग में कुशीनगर के ग्राम ललीपार खास निवासी देवेन्द्र राय पुत्र हरिहर राय को 1432.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और सामान्य पौधा संवर्ग में बस्ती के ग्राम रतनपुरवा डुम्मी निवासी राम शरद पुत्र राम जगत को 1050.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह युवा गन्ना किसान पौधा संवर्ग में महराजगंज के ग्राम रायपुर बरवां निवासी नीरज कुमार पुत्र विजय कुमार को 1015.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश की औसत गन्ना उत्पादकता 825.60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर
गन्ना विकास विभाग के मुताबिक वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश की औसत गन्ना उत्पादकता 825.60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रही। इसके मुकाबले राज्य गन्ना प्रतियोगिता में हरदोई के अमर सिंह ने 2430.00 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन हासिल कर सबसे अधिक उपज दर्ज की। विभाग ने किसानों की बढ़ती उत्पादकता को गन्ने की उन्नत प्रजातियों, वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा विभाग की ओर से किसानों को उपलब्ध कराई जा रही तकनीकी सुविधाओं और मार्गदर्शन से जोड़ा है।
किसानों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा कर गन्ना उत्पादन बढ़ाना उद्देश्य
राज्य गन्ना प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के चीनी मिल क्षेत्रों में किसानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना और प्रति हेक्टेयर गन्ना उत्पादन बढ़ाना है। विभागीय अधिकारियों को प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। गन्ना विकास विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसान प्रतियोगिता में भाग लें और बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों से प्रेरणा लेकर वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाएं। विभाग को उम्मीद है कि इससे प्रदेश में गन्ने की उत्पादकता में और वृद्धि होगी तथा किसानों को कम क्षेत्रफल में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।