पद्मश्री शीशपाल बने सोशल मीडिया संगठन के संरक्षक
मेरठ। देशभर में सोशल मीडिया के माध्यम से जनसरोकारों और आम नागरिकों की आवाज को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्यरत सोशल मीडिया संगठन ने अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेना से सेवानिवृत्त एवं पद्मश्री सम्मानित शीशराम को संगठन का संरक्षक नियुक्त किया है। यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया, जिसके बाद संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों में उत्साह का माहौल है।
सोशल मीडिया संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एडवोकेट सुरेंद्र कुमार शर्मा ने गुरुवार को मेरठ में जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 16 वर्ष पूर्व स्थापित यह संगठन आज देशभर में तेजी से अपना विस्तार कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में संगठन से पूरे भारत के लगभग 550 सदस्य जुड़े हुए हैं तथा संगठन की केंद्रीय कार्यकारिणी का भी पूर्ण गठन किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि संगठन का विस्तार लगातार जारी है और अब तक देश के छह राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके साथ ही संगठन द्वारा दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में 100 से अधिक सामाजिक, जनजागरूकता एवं संवाद कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जा चुका है।
देश की कई प्रमुख हस्तियां हैं संगठन से जुड़ी
एडवोकेट सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि संगठन के मुख्य संरक्षक मेरठ के पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल हैं। वहीं, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के पूर्व कुलपति एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. रविंद्र कुमार भी संगठन के संरक्षक हैं। इसके अलावा अमरावती से समाचार पत्र प्रकाशित करने वाले तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के संचालक प्रकाश पोहरे को भी संरक्षक मंडल में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि अब सेना से सेवानिवृत्त एवं पद्मश्री सम्मानित शीशराम को भी संगठन का संरक्षक बनाया गया है। शीशराम अपने अनुशासित जीवन, सामाजिक कार्यों और देश सेवा के लिए व्यापक पहचान रखते हैं। संगठन को विश्वास है कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
अगस्त में दिल्ली में होगी राष्ट्रीय बैठक
राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने बताया कि संगठन की आगामी महत्वपूर्ण बैठक अगस्त माह में नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में अब तक हुए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा विभिन्न राज्यों के लिए नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा भी की जाएगी। साथ ही संगठन के भविष्य की रणनीति और विस्तार योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा होगी।
जनता और शासन के बीच सेतु बनने का लक्ष्य
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया संगठन के संस्थापक अध्यक्ष रवि कुमार बिश्नोई तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील डांग के नेतृत्व में संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। उनके नेतृत्व और प्रयासों से संगठन राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावी पहचान स्थापित कर रहा है।
शर्मा ने कहा कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है, जिसकी आवाज अक्सर व्यवस्था तक नहीं पहुंच पाती। सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसे लोगों की समस्याओं को सामने लाना, उनकी अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना और संबंधित विभागों तक उनकी बात पहुंचाकर समाधान की दिशा में पहल करना संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि संगठन के संस्थापक महामंत्री अंकित बिश्नोई सहित पूरी केंद्रीय कार्यकारिणी के सक्रिय प्रयासों से संगठन तेजी से आम जनता से जुड़ रहा है। सोशल मीडिया संगठन आज जनता और शासन-प्रशासन के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य कर रहा है और भविष्य में इसे और अधिक व्यापक स्तर पर विस्तार देने की योजना बनाई गई है।