तहसील सदर में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
मेरठ। तहसील सदर परिसर में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें मेरठ कैंट के विधायक अमित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त शिकायतों में चकरोड पर अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाइश कराने, पेंशन दिलाने, राजस्व विवादों के समाधान, पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों, समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग, चकबंदी एवं अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र शामिल रहे।
इस अवसर पर विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सम्पूर्ण समाधान दिवस जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकता है।
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का समाधान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का परिचय दें तथा प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने उपस्थित फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनके प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने तहसील परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसडीएम सदर दीपक माथुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और पात्र मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।