एनसीसी कैडेट को पर्यावरण संरक्षण जिम्मेदारी पर मिलेंगे अतिरिक्त अंक
मेरठ। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ में एक विशेष पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 22 यूपी गर्ल्स बटालियन, मेरठ से संबद्ध महाविद्यालय की दोनों एनसीसी इकाइयों के कैडेट्स को पौधे वितरित किए गए तथा उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
कार्यक्रम का आयोजन 22 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल होपेंद्र ठाकुर तथा महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के संरक्षण में किया गया। इस दौरान कैडेट्स को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए पौधों को लगाने और नियमित रूप से उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
पौधों की देखभाल करने पर मिलेंगे अतिरिक्त अंक
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि वर्ष 2027 में होने वाली एनसीसी ‘बी’ और ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी कैडेट्स को पूरे वर्ष अपने पौधे की देखभाल कर उसे विकसित करने का प्रमाण प्रस्तुत करने पर अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर पौधों के संरक्षण और उनके विकास को सुनिश्चित करना है।
पर्यावरण संरक्षण में एनसीसी कैडेट निभाएंगे अहम भूमिका
प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने सभी कैडेट्स को इस जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट अनुशासन, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना के लिए जाने जाते हैं। जिस प्रकार वे अपनी वर्दी और प्रशिक्षण का सम्मान करते हैं, उसी प्रकार उन्हें दिए गए पौधों का भी संरक्षण करेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ अभियान को सफल बनाने में एनसीसी कैडेट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
रोजगार और व्यक्तित्व विकास के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की एनसीसी अधिकारी मेजर प्रो. अंजुला राजवंशी तथा केयरटेकर ऑफिसर प्रियंका ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने, अपने कौशल का विकास करने तथा भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
पूर्व कैडेट्स ने भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के पूर्व एनसीसी कैडेट लायबा और कुणाल का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में सीनियर अंडर ऑफिसर हंसिका चौधरी, अंडर ऑफिसर्स अवनी शर्मा, बुशरा, वेदिका सिवाच सहित प्रीति, अनम, काजल, प्रिया, सबिया, आयुषी, खुशी, प्रेरणा एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करेगी।