फाइल फोटो निदा उर्फ सोनी
मेरठ। मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद जहां ससुराल पक्ष ने फर्श पर पैर फिसलने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत होने का दावा किया है, वहीं मायके पक्ष ने मारपीट और गला दबाकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
छह वर्ष पहले हुई थी शादी, दो बच्चों की थी मां
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान निदा उर्फ सोनी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर गली नंबर-2 निवासी शाहवेज से हुई थी। शाहवेज अपने पिता के साथ टेलरिंग का कार्य करता है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय बेटा हिमाद और तीन वर्षीय बेटी आतिका शामिल हैं। घटना के बाद दोनों बच्चे भी सदमे में हैं।
पड़ोसी के फोन से मायके वालों को मिली सूचना
मृतका के परिजनों का आरोप है कि रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उन्हें एक पड़ोसी का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में कुछ गंभीर घटना हुई है और उन्हें तत्काल पहुंचने के लिए कहा गया। सूचना मिलने के बाद मृतका की मां, दोनों भाई और अन्य परिजन अहमदनगर स्थित उसके ससुराल पहुंचे। परिजनों का कहना है कि वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि निदा का शव घर के फर्श पर पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था।
हाथ-पैर और गले पर चोट के निशान होने का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि मृतका के हाथ-पैर पर चोट के निशान थे तथा गले पर दबाव के निशान भी दिखाई दे रहे थे। उनका कहना है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का मामला है। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डॉक्टर के पास ले गया था पति, मृत घोषित होने के बाद घर लाया शव
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद पति शाहवेज अपनी पत्नी को इलाज के लिए आसपास के एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गया था। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह शव को वापस घर ले आया। बताया जा रहा है कि पड़ोसियों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल मृतका के मायके वालों को इसकी सूचना दी।
पहले भी हुआ था पति-पत्नी में विवाद
मृतका के परिजनों ने बताया कि करीब पांच महीने पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद निदा अपने मायके चली गई थी। लगभग एक माह पहले ही दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद वह दोबारा ससुराल लौटकर रहने लगी थी। अब अचानक हुई उसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है।
घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार
मायके पक्ष का आरोप है कि जब उन्होंने घटना के बारे में ससुराल पक्ष से जानकारी मांगी तो विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान पति शाहवेज समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए।