सरबजीत सिंह कपूर (सामाजिक कार्यकर्ता)
सामाजिक कार्यकर्ताओं को सरकार और समाज के अंतिम व्यक्ति के बीच अहम कड़ी बताया; योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की अपील
मेरठ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदा फाउंडेशन, मेरठ के सरबजीत सिंह कपूर को पत्र लिखकर उनके सामाजिक कार्यों और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की है। दो अक्टूबर 2026 को लोक भवन, लखनऊ से जारी पत्र में मुख्यमंत्री ने कपूर और उनके परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुख एवं समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज की शक्ति उन नागरिकों से बढ़ती है, जो निस्वार्थ भाव से समाज के हित में कार्य करते हैं। उनके अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। वे लोगों की समस्याओं को समझकर उनकी आवाज उचित मंच तक पहुंचाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरबजीत सिंह कपूर का परिश्रम, संवेदनशीलता और समाज के प्रति समर्पण जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाने के साथ समाज को अधिक संवेदनशील और सशक्त बनाने में योगदान देता है।
पत्र में मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय जनहित में कार्य करना कठिन था और अपराध, माफिया तथा अराजकता का प्रभाव समाज के विभिन्न वर्गों पर था। उन्होंने कहा कि 2017 में सरकार बनने के बाद कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास किया गया, जिसमें नागरिक अपने अधिकारों और हितों के लिए निर्भय होकर आवाज उठा सकें।
योगी आदित्यनाथ ने पत्र में यह भी कहा कि डबल इंजन सरकार ने गरीबों, वंचितों, वृद्धों, दिव्यांगों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के जीवन में बदलाव के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को समझते हैं।
मुख्यमंत्री ने सरबजीत सिंह कपूर से सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों को उनसे जोड़ने और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सरकार तक पहुंचाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि कपूर का सेवा भाव और जनसरोकार विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मजबूती देंगे। पत्र में सभी के साझा प्रयासों से ऐसा प्रदेश बनाने की बात कही गई है, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और अवसर मिलें।