केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक यातायात से की मुलाकात
मेरठ। जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश श्रीवास्तव से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर शहर की प्रमुख यातायात समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने विशेष रूप से खैरनगर क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल ने कहा कि खैरनगर बाजार शहर का अत्यंत व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और दवा व्यवसाय से जुड़े लोग आते-जाते हैं। सड़क पर फोर व्हीलर वाहनों के प्रवेश और पार्किंग के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रजनीश कौशल ने सुझाव दिया कि यदि खैरनगर क्षेत्र में सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक फोर व्हीलर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए अथवा उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, तो क्षेत्र में यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुचारु हो सकती है और जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।
पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश श्रीवास्तव ने एसोसिएशन के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात निरीक्षक (टीआई) संतोष कुमार को निर्देशित किया कि वह मौके का निरीक्षण कर शुक्रवार से प्रस्तावित व्यवस्था को लागू कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएं, ताकि खैरनगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है और व्यापारिक संगठनों एवं आम जनता के सुझावों का स्वागत किया जाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खैरनगर में जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के संगठन मंत्री सुनील अग्रवाल, शफीक मलिक सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया।