ग्राम अब्दुल्लापुर में गश्त करते पुलिस अधीक्षक ग्रामीण
मेरठ। आगामी ताजिया/मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मेरठ द्वारा क्षेत्राधिकारी सदर देहात, थानाध्यक्ष भावनपुर एवं थाना पुलिस बल के साथ थाना भावनपुर क्षेत्र के ग्राम अब्दुल्लापुर में पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों एवं ताजिया कमेटी के सदस्यों से संवाद स्थापित कर आगामी मोहर्रम पर्व से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं। अधिकारियों ने लोगों से आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा ताजिया जुलूस के प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं तथा क्षेत्र में लगातार गश्त एवं निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर देहात, थानाध्यक्ष भावनपुर सहित थाना पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।