माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश
प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट/कम्पार्टमेंट तथा इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा-2026 के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। परिषद् के सचिव की ओर से प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को भेजे गए पत्र में परीक्षा के उपरांत उत्तरपुस्तिकाओं एवं ओएमआर शीटों के सुरक्षित प्रेषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिषद् के अनुसार हाईस्कूल कम्पार्टमेंट एवं इम्प्रूवमेंट तथा इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा का आयोजन 28 जुलाई 2026 को दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी परीक्षा केंद्रों से उत्तरपुस्तिकाओं के बंडलों को डाक विभाग के माध्यम से निर्धारित संकलन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज, प्रयागराज भेजा जाएगा। वहीं, ओएमआर पत्रकों के बंडलों को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दौरान अथवा परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के प्रेषण में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आने पर उसके त्वरित समाधान के लिए परिषद् स्तर पर विशेष टोल-फ्री हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यह हेल्प डेस्क परीक्षा केंद्रों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराएगी।
परिषद् द्वारा जारी टोल-फ्री हेल्प डेस्क नंबर:
- 1800-180-6310
- 1800-180-5312
इसके अतिरिक्त उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज, प्रयागराज के लिए संपर्क मोबाइल नंबर 9485073770 भी उपलब्ध कराया गया है।
सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद् ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को इन हेल्प डेस्क नंबरों की जानकारी समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा के उपरांत उत्तरपुस्तिकाओं के प्रेषण में किसी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके।
इस संबंध में जारी आदेश की प्रतिलिपि प्रदेश के सभी संयुक्त शिक्षा निदेशकों तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद् के क्षेत्रीय कार्यालयों प्रयागराज, मेरठ, वाराणसी, बरेली एवं गोरखपुर के अपर सचिवों को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए प्रेषित की गई है।
यूपी बोर्ड का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाना है, जिससे उत्तरपुस्तिकाओं एवं ओएमआर शीटों का समय पर सुरक्षित संकलन एवं मूल्यांकन कार्य सुनिश्चित किया जा सके।