डॉक्टर डे के उपलक्ष में पौधा रोपण करते मेडिकल प्राचार्य आर सी गुप्ता
मेरठ। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को लाला लाजपत राय स्मारक (एल.एल.आर.एम.) मेडिकल कॉलेज, मेरठ में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 25 पौधों का रोपण किया गया तथा सभी चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं हरित वातावरण के संरक्षण का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत 5 पौधे एग्जाम नेस्ट परिसर तथा 20 पौधे नवनिर्मित हॉस्टल परिसर में लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य मेडिकल कॉलेज परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का आह्वान किया।
उप प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टाँक ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर के विभिन्न पार्कों और खुले स्थानों पर औषधीय एवं फलदार पौधों का भी व्यापक स्तर पर रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज त्यागी ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी 5 जुलाई को भी मेडिकल कॉलेज में विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से सहभागिता की अपील की गई है।
इस अवसर पर रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. यास्मीन उस्मानी, फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की आचार्या डॉ. अरुणा वर्मा, उद्यान विभाग से सियाराम, रामसुंदर, प्रदीप नागर, शिवा सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम चिकित्सा सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति चिकित्सकों की सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने आने वाले दिनों में परिसर में और अधिक वृक्षारोपण अभियान चलाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।