स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों को स्टेशनरी वितरण की गई
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने बुधवार को विकासखंड खरखौदा के प्राथमिक विद्यालय सेतकुआं में आयोजित स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण, वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 ‘एक पेड़ मां के नाम’ वन महोत्सव तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि डॉ. सोमेन्द्र तोमर का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्लांटर भेंट कर सम्मान किया।
नवीन विद्यार्थियों का तिलक कर किया स्वागत
राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर और जिलाधिकारी ने कक्षा-1 में नव नामांकित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। बच्चों को स्कूल बैग, स्टेशनरी, टॉफी और चॉकलेट वितरित की गई ताकि वे विद्यालय के वातावरण में सहज महसूस करें और नियमित रूप से विद्यालय आते रहें।
इस दौरान भूमि, भूमिका, पलक, रानी, रूही, माही, प्राची, तन्वी, कीर्तिका सिंह, ध्रुव, वंश, मोक्ष, अनंत, कार्तिक, नकुल, गौतम, दिव्यम, सम्राट, वंश नागर, उमेश, आशीष, रोहन, दिव्यांश, हिमांक एवं हर्ष कुमार सहित नवप्रवेशी बच्चों को हलवा खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया। साथ ही संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच शिक्षकों को समारोह में सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में मोहम्मद साबिर खान (प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय सराय बहलीम, नगर क्षेत्र), श्रीमती मनजीत कौर (उच्च प्राथमिक विद्यालय पीपली खेड़ा, खरखौदा), श्रीमती चित्रा वर्मा (उच्च प्राथमिक विद्यालय कायस्थ बढ़डा, माछरा), श्रीमती पिंकी (प्राथमिक विद्यालय किठौर नंबर-1) तथा शकील अहमद अंसारी (प्राथमिक विद्यालय सेतकुआं, खरखौदा) शामिल रहे।
विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ग्राम प्रधान को भी जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
मॉडल विद्यालय घोषित हुआ प्राथमिक विद्यालय सेतकुआं
जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और बेहतर कार्यप्रणाली को देखते हुए प्राथमिक विद्यालय सेतकुआं को मॉडल विद्यालय घोषित किया। मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने भी बच्चों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता की सराहना की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
खंड शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विकासखंड के शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में भी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन एसआरजी मेरठ की नीलम पंकज ने किया।
अनेक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी वंदना फोगाट, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी, बीडीओ बृजेश सिंह, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, स्वास्थ्य विभाग के एमओआईसी डॉ. प्रफुल्ल वर्मा, डॉ. अनिल शर्मा, बेसिक शिक्षा विभाग के एआरपी सुमित कुमार, सुधीर कुमार, विनीत कुमार, अंकुश कुमार, डॉ. रतन सिंह, रविकांत, श्रीमती जसप्रीत कौर, श्रीमती विधु शर्मा, श्रीमती दीपाली चौधरी, श्रीमती संगीता यादव, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को एक साथ जोड़ते हुए समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने सभी से बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति, अधिकाधिक वृक्षारोपण और संचारी रोगों की रोकथाम में सक्रिय सहयोग की अपील की।