यूपीटेट परीक्षा के दौरान केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ के जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी, बायोमैट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी व्यवस्था और अभ्यर्थियों के प्रवेश सहित सभी व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अपने निरीक्षण अभियान के दौरान सेंट जोजफ इंटर कॉलेज, एसएसडी बॉयज इंटर कॉलेज लालकुर्ती, राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन तलाशी व्यवस्था, बायोमैट्रिक सत्यापन प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने परीक्षा कक्षों का भी दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का विशेष रूप से अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें तथा उनकी निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए तकनीकी व्यवस्था का प्रभावी संचालन बेहद आवश्यक है।
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का लगातार भ्रमण करते रहें और प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखें। साथ ही कक्ष निरीक्षकों को भी सख्त हिदायत दी गई कि परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा विद्यालयों का शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ भी उपस्थित रहा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यूपीटीईटी-2026 को सफलतापूर्वक और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।