"छात्रों की गूंज" अभियान में भारी पंजीकरण
मेरठ। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को मेरठ में लगातार छात्रों का समर्थन मिल रहा है। अभियान के तीसरे दिन भी जनपद के विभिन्न कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में बड़ी संख्या में छात्रों ने अभियान से जुड़कर शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज़ बुलंद करने का संकल्प लिया। शहर संयोजक अवनीश काजला के नेतृत्व में मेरठ एक्शन टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जनसंपर्क अभियान चलाया और छात्रों से सीधा संवाद स्थापित किया।
अभियान के दौरान छात्रों ने मिस्ड कॉल देकर तथा पंजीकरण फॉर्म भरकर अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया और उन्हें शिक्षा व्यवस्था में सुधार, रोजगार के अवसरों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता जैसे विषयों पर एकजुट होने का आह्वान किया।
शहर संयोजक अवनीश काजला ने बताया कि अभियान के तीसरे दिन भी छात्रों का उत्साह देखने लायक रहा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों, बढ़ती बेरोज़गारी और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर चिंता व्यक्त की। छात्रों का मानना है कि इन मुद्दों का सीधा प्रभाव उनके भविष्य पर पड़ रहा है और अब समय आ गया है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करें।
उन्होंने कहा कि युवाओं में शिक्षा और रोजगार को लेकर असंतोष लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान छात्रों को एक साझा मंच उपलब्ध करा रहा है, जहां वे अपने विचार, समस्याएं और मांगें मजबूती से रख सकें। अभियान का उद्देश्य छात्रों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति संगठित करना भी है।
मेरठ एक्शन टीम ने अभियान के दौरान विभिन्न कॉलेज परिसरों, छात्रावासों (हॉस्टल) और चाय की दुकानों पर छात्रों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर युवाओं की एकजुटता ही सकारात्मक बदलाव की दिशा तय करेगी।
अभियान में शहर संयोजक अवनीश काजला के साथ सहर याब मुखिया, अजय चौधरी, सोहराब पठान, अज़ीम प्रधान, इमरान अख्तर, सुमित विकल, जुबैर खान, वासु चौधरी, हमजा चौहान, सोनम रानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।