टेट परीक्षा के दौरान इस्माइल गर्ल्स नेशनल स्कूल में निरीक्षण करने पहुंचे मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम तथा परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज एवं इस्माईल गर्ल्स नेशनल इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों की निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित नियमों के अनुसार प्रवेश मिले तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था की संभावना न रहे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों और कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, प्रत्येक गतिविधि पर निरंतर निगरानी रखने तथा परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में स्थापित मॉनिटरिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की।
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक तथा विद्यालयों का स्टाफ भी मौजूद रहा। प्रशासन ने भरोसा जताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।