5 जुलाई को निकाले जाने वाले आक्रोश मार्च से पूर्व छात्रों से संपर्क करते कांग्रेसी नेता
मेरठ। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को मेरठ में लगातार छात्रों का समर्थन मिल रहा है। अभियान के पांचवें दिन भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इसमें भागीदारी निभाते हुए शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। अभियान के तहत विभिन्न कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में जनसंपर्क कर छात्रों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया गया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे शहर संयोजक अवनीश काजला ने बताया कि मेरठ एक्शन टीम ने जनपद के विभिन्न कॉलेजों, छात्रावासों (हॉस्टलों) और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्रों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मिस्ड कॉल और पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अभियान से जुड़कर अपना समर्थन दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रहा समर्थन यह दर्शाता है कि युवा शिक्षा व्यवस्था में सुधार और अपने अधिकारों को लेकर पहले से अधिक जागरूक हो चुके हैं।
अवनीश काजला ने कहा कि बार-बार सामने आ रहे कथित पेपर लीक के मामलों, बढ़ती बेरोज़गारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा शिक्षा व्यवस्था की विभिन्न चुनौतियों को लेकर छात्रों में गहरी चिंता और असंतोष है। उनका कहना था कि युवा अब इन मुद्दों पर लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से अपनी बात सरकार और संबंधित संस्थाओं तक पहुंचाना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को एक मंच पर लाना और उनकी आवाज को मजबूत करना है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों से आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई।
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के अगले चरण में 5 जुलाई को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू), मेरठ से ‘छात्र आक्रोश मार्च’ निकाला जाएगा। इस मार्च के माध्यम से छात्र शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे।
आज के जनसंपर्क अभियान में शहर संयोजक अवनीश काजला के साथ अल्तमस त्यागी, सहरयाब मुखिया, अजय चौधरी, सोहराब पठान, अज़ीम प्रधान, इमरान अख्तर, सुमित विकल, जुबैर खान, वासु चौधरी, हमजा चौहान, सोनम रानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।