चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में वाहनों के प्रवेश को लेकर नई सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। विश्वविद्यालय के स्टाफ के वाहनों के लिए पास जारी होंगे, जबकि बाहरी वाहनों को प्रवेश से पहले टोकन लेना होगा। वैध पास या निर्धारित टोकन के बिना किसी वाहन को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
गुरुवार को कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा संबंधी बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में परिसर की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रवेश नियमों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया। सुरक्षा प्रक्रिया का उल्लंघन कर परिसर में प्रवेश की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
बढ़ाई जाएगी सुरक्षा गश्त
विश्वविद्यालय प्रशासन परिसर में सुरक्षा गार्डों की गश्त और सक्रियता बढ़ाएगा। जिन स्थानों पर अभी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां कैमरे लगाए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार, इससे परिसर के विभिन्न हिस्सों में निगरानी बेहतर होगी और वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने में मदद मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत प्रवेश करने वाले वाहनों की पहचान और उनसे जुड़ा विवरण दर्ज किया जाएगा। स्टाफ के सदस्यों को अपने वाहन का पास निर्धारित प्रक्रिया के तहत बनवाना होगा। बाहरी वाहन चालकों को प्रवेश से पहले टोकन लेना और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर
बैठक में अधिकारियों ने परिसर की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने पर चर्चा की। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आगंतुकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है।
बैठक में कुलसचिव अजय कृष्णा यादव, चीफ वार्डन प्रो. दिनेश कुमार, सुरक्षा अधिकारी, छात्रावासों के वार्डन, इंजीनियर मनीष मिश्रा, डॉ. दुष्यंत चौहान और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।