मेरठ में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान, 21 नवंबर को विशेष अभियान
मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन के लिए मिलेगी सुविधा
मेरठ। ANN। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मेरठ जनपद में 21 नवंबर 2026 (शनिवार) को प्रथम विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और पदाभिहित अधिकारी उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके अंतर्गत ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में दर्ज गलत विवरण को ठीक कराने, नाम हटवाने, निवास परिवर्तन और मतदाता फोटो पहचान पत्र से संबंधित संशोधन के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा।
निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि विशेष अभियान दिवस पर सभी बूथ लेवल अधिकारियों और पदाभिहित अधिकारियों की मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, तहसीलदारों और सुपरवाइजरों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने तथा अभियान की व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार ऐसे नागरिक, जिनकी आयु निर्धारित अर्हता तिथि तक 18 वर्ष पूरी हो रही है और जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नीकरण और निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है।
मतदाता संबंधित आवेदन अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी अथवा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और Voter Helpline App के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में आवश्यक आवेदन पत्र उपलब्ध रहें, जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों में स्थापित मतदान केंद्रों को अभियान दिवस पर खुला रखने और वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय वर्धन तोमर की ओर से जारी प्रेस नोट में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच लें तथा आवश्यकता होने पर संबंधित फॉर्म भरकर संशोधन कराएं।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों का समय रहते निस्तारण किया जा सके। इसके लिए जनपद स्तर पर निर्वाचन अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।