वेंटीलेशन की जाली उखाड़कर फैक्ट्री में घुसे चोर
मेरठ। एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहां 23 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर तुषार त्यागी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने पिता ने की। पुलिस के खुलासे में सामने आया है कि पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पहले बीयर पी और फिर बेटे को बहाने से बुलाकर गोली मार दी। आखिर क्यों एक पिता अपने बेटे का हत्यारा बन गया, देखिए यह रिपोर्ट।
मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में सोमवार रात मिले प्रॉपर्टी डीलर तुषार त्यागी के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। तुषार की हत्या उसके पिता सुंदर त्यागी ने अपने साथी अमित उर्फ वेदवान के साथ मिलकर की थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुंदर त्यागी को शक था कि उसका बेटा तुषार उसकी हत्या कराकर संपत्ति पर कब्जा करना चाहता है। इतना ही नहीं, उसे यह भी जानकारी मिली थी कि तुषार ने कथित तौर पर उसकी हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी है। इसी शक के चलते पिता ने बेटे की हत्या की साजिश रच डाली।
वारदात वाले दिन सुंदर त्यागी अपने साथी अमित के साथ खरखौदा पहुंचा। दोनों ने पहले बीयर पी और फिर तुषार को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। जब तुषार मौके पर पहुंचा तो पिता और उसके साथी ने उसे गोली मार दी। एक गोली माथे पर और दूसरी गले में मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी पिता ने शव को तुषार की ही स्कॉर्पियो में रखा और मेरठ-बुलंदशहर हाईवे स्थित पांची अंडरपास के पास गाड़ी खड़ी कर फरार हो गया। इसके बाद परिजनों को फोन कर हत्या की जानकारी भी दी गई।
तुषार की बहन मोना के अनुसार, सोमवार रात तुषार को एक फोन आया था, जिसके बाद वह खाना पैक कराकर घर से निकला। कुछ देर बाद तुषार के मोबाइल से उसकी पत्नी शिखा के पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने दावा किया कि तुषार का अपहरण कर लिया गया है और उसे मार दिया जाएगा। इसके बाद फोन बंद हो गया।
परिजन पूरी रात तुषार की तलाश करते रहे। इसी दौरान एक और कॉल आया, जिसमें तुषार को गोली मारने की बात कही गई। सूचना मिलते ही परिवार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा, जहां स्कॉर्पियो के अंदर तुषार का खून से लथपथ शव मिला।
हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की गई। जांच के दौरान शक की सुई तुषार के पिता सुंदर त्यागी पर गई। मोबाइल लोकेशन वारदात स्थल के आसपास मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
सख्ती से पूछताछ में सुंदर त्यागी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पिता और उसके साथी अमित उर्फ वेदवान को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए जा रहे हैं।
