मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, पत्नी को फोन कर बोला आरोपी - ‘तेरे पति को मार दिया'
मेरठ। मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में सोमवार रात 23 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर तुषार त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने स्कॉर्पियो कार के अंदर तुषार को दो गोलियां मारीं। पहली गोली उनके माथे पर और दूसरी गले पर मारी गई, जो आरपार हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक की पत्नी को फोन कर वारदात की जानकारी दी।
खाना लेकर निकले थे तुषार
हापुड़ जिले के दोयमी गांव निवासी तुषार त्यागी किसान होने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। उनकी शादी करीब दो वर्ष पहले शिखा त्यागी से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।
मृतक की बहन मोना के अनुसार, सोमवार शाम करीब 8 बजे तुषार के पास एक फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उसे भूख लगी है। इसके बाद तुषार खाना लेकर अपनी स्कॉर्पियो कार से घर से निकल गए।
पत्नी को किया था आखिरी फोन
परिजनों के अनुसार, रात करीब 9 बजे तुषार ने अपनी पत्नी शिखा को फोन कर बताया कि कुछ लोग उन्हें जबरन ले जा रहे हैं। उन्होंने फोन पर कहा कि बिट्टू उर्फ अरविंद त्यागी और उसके साथी उनका अपहरण कर जंगल की ओर ले जा रहे हैं और उनकी जान को खतरा है। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया।
परिजन और गांव के लोग देर रात तक तुषार की तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
आरोपी ने पत्नी को फोन कर दी हत्या की सूचना
रात करीब 10 बजे गांव के एक युवक कृष के मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी बताया और तुषार की पत्नी से बात कराने को कहा। आरोप है कि उसने शिखा से कहा, “मैंने तुषार को गोली मार दी है। उसकी लाश कार में पड़ी है, जाकर उठा लो।”इसके बाद आरोपी ने फोन बंद कर दिया।
कार में मिला खून से लथपथ शव
सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन हापुड़ मार्ग स्थित पांची अंडरपास के पास पहुंचे। वहां स्कॉर्पियो कार की ड्राइवर सीट पर तुषार का खून से लथपथ शव मिला। उनके माथे और गले पर गोली के निशान थे। परिजन उन्हें तत्काल एनसीआर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पहले भी हुआ था विवाद
मृतक की पत्नी शिखा त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले गांव निवासी तरुण त्यागी के साथ तुषार का विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान तरुण ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से तुषार को जान से मारने की धमकी दी थी। बाद में अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था।
शिखा ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
4 जून को था जन्मदिन
तुषार त्यागी का 4 जून को 24वां जन्मदिन था। जन्मदिन से दो दिन पहले हुई इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
आरोपियों की तलाश में 4 टीमें गठित
एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को हत्या की सूचना मृतक की बहन के माध्यम से मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में तुषार को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
