एस एस पी अविनाश पांडे ने कावड़ मार्ग क्षेत्र का निरीक्षण किया
मेरठ कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी किठौर, थाना प्रभारी किठौर तथा यातायात निरीक्षक के साथ थाना किठौर क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों, फफूंडा कट, गंगा एक्सप्रेसवे और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात संचालन, डायवर्जन व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए। इसके लिए सभी डायवर्जन प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कांवड़ सेवा शिविरों से बेहतर समन्वय स्थापित करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति या आपातकालीन घटना की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मेरठ पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार निरीक्षण, निगरानी और तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि लाखों शिवभक्तों की आस्था के इस महापर्व के दौरान यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो तथा आम नागरिकों को भी न्यूनतम असुविधा का सामना करना पड़े।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी यातायात एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस अधिकारी या कंट्रोल रूम को दें, ताकि कांवड़ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाया जा सके।