खादी महोत्सव में नरसिंह नृत्य प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
दशहरा की छुट्टी पर उमड़ी भीड़, स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की हुई बिक्री
मेरठ । दशहरा के अवसर पर मंगलवार को मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं महोत्सव में लोगों की भीड़ उमड़ी। दिनभर रही आवाजाही के बीच दर्शकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और खादी तथा ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की खरीदारी की। भीड़ बढ़ने से स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों की बिक्री को भी बढ़ावा मिला।
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल की ओर से आयोजित महोत्सव में मंगलवार शाम छह बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कलावाटिका डांस एकेडमी के कलाकारों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। भगवान नरसिंह पर आधारित नृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही और दर्शकों ने इसे खूब सराहा।

अतिथियों ने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया
कार्यक्रम में डॉ. अंजू वारियर मुख्य अतिथि और रेनू गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दोनों अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी राजीव भी मौजूद रहे।
स्वदेशी उत्पादों को बाजार देना महोत्सव का उद्देश्य
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि मंडलीय खादी महोत्सव का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है। महोत्सव के माध्यम से पारंपरिक कलाओं के संरक्षण और आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में आयोजित कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए इन उद्देश्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। दशहरा की छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रदर्शनी का भ्रमण किया और खरीदारी कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन दिया।