कसेरुखेड़ा मेले में आयोजित दशहरे मेले में 80 ft ऊँचे रावण के पुतले का दहन
घूमती गर्दन, दहकती आंखों और जयपुरी जूतियों वाले पुतले ने खींचा दर्शकों का ध्यान
गंगानगर, मेरठ । विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार को मवाना रोड स्थित कसेरूखेड़ा में श्री रामलीला दशहरा कमेटी की ओर से दशहरा मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रामलीला के प्रसंगों का मंचन, आकर्षक झांकियां, रंगारंग प्रस्तुतियां और आतिशबाजी उत्सव के मुख्य आकर्षण रहे। देर रात 80 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होते ही मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
कमेटी अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया कि मेले में लोगों ने परिवार के साथ पहुंचकर रामलीला और अन्य कार्यक्रमों का आनंद लिया। शाम से देर रात तक मैदान में दर्शकों की आवाजाही बनी रही।

अतिथियों ने किया मेले का उद्घाटन
आयोजन में राज्य मंत्री दिनेश खटीक, सांसद राजकुमार सांगवान और सोनू कैलाशी ने संयुक्त रूप से मेले का उद्घाटन किया। मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रंजन शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित किया। राज्य मंत्री दिनेश खटीक, मनोज चौधरी और सुमित शर्मा ने राम दरबार की आरती कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया।
विकास उपाध्याय, महेश सैनी, रॉबिन शिवाज और दारा सिंह प्रजापति सहित अन्य अतिथियों ने भी राम दरबार में दर्शन किए। नीरज मित्तल, सोनू कैलाशी और आशीष शर्मा ‘पंडित ढाबे वाले’ ने कलाकारों को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया और आयोजन के लिए कमेटी को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन कमेटी अध्यक्ष विनोद सोनकर ने किया।
राम-रावण युद्ध के मंचन पर लगे जय श्रीराम के नारे
रामलीला के दौरान सीता हरण, लंका दहन, मेघनाद वध और कुंभकरण वध सहित कई प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध के दृश्य ने दर्शकों का ध्यान खींचा। श्रीराम, हनुमान, रावण और कुंभकरण की भूमिकाएं निभाने वाले कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने सराहा। युद्ध के मंचन के दौरान मैदान में जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। झांकियों और डांस ग्रुप की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में रंग भर दिया।
आतिशबाजी, रोशनी और मेले की दुकानों पर रही भीड़
मेले में की गई विद्युत सजावट और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने दर्शकों को आकर्षित किया। बच्चों ने झूलों और मिकी माउस का आनंद लिया तथा खिलौनों की खरीदारी की। महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीदारी की, जबकि गोलगप्पे, टिक्की और मूंगफली सहित खानपान की दुकानों पर भी भीड़ रही। युवाओं और पुरुषों ने गुब्बारों पर निशाना लगाने वाले खेल में हिस्सा लिया। मेले में लोगों की आवाजाही से दुकानदारों में भी उत्साह दिखाई दिया।
रात करीब 11 बजे हुआ रावण दहन
रात करीब 11 बजे भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकार ने 80 फुट ऊंचे रावण के पुतले में अग्नि प्रज्वलित की। पुतला कुछ ही मिनटों में आग की लपटों से घिर गया। रावण दहन के दौरान मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किया। आयोजन के माध्यम से विजयदशमी के अवसर पर बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश दिया गया।
कमेटी, पुलिस और सेना पुलिस का रहा सहयोग
कमेटी अध्यक्ष विनोद सोनकर ने आयोजन में सहयोग के लिए लालकुर्ती पुलिस, सेना पुलिस और कमेटी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में संरक्षक ज्ञान दीक्षित, पुष्पेंद्र शर्मा, कुणाल दीक्षित, आनंद कोरी, गोल्डी, मनीष गुप्ता, जयप्रकाश, कन्हैया लाल, पुष्पेंद्र कुमार, जियालाल, मनोज कुमार, नंदकिशोर मीणा, मनीष कुमार, सत्यप्रकाश, विनय वत्स और अरुण कुमार सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
मीडिया व्यवस्था में शिव कुमार शर्मा, पारस गुप्ता और राजन सोनकर ने सहयोग किया। कमेटी ने मेले में पहुंचे दर्शकों और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।