मेरठ पहुंचे प्रभारी मंत्री असीम अरुण, कानून व्यवस्था और विकास पर दिया बड़ा बयान
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और मेरठ के विकास कार्यों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने से हिचकती थी, लेकिन अब अपराधियों को कानून के मुताबिक सख्त जवाब दिया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना मेरठ से लेकर पूरे देश में साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने अपने पुराने मेरठ प्रवास को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब दिल्ली से मेरठ तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क सुविधा भी नहीं थी, लेकिन आज नमो भारत ट्रेन जैसी आधुनिक परिवहन व्यवस्था ने तस्वीर पूरी तरह बदल दी है।
उन्होंने कहा कि सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ-साथ ईज ऑफ गवर्नेंस पर भी विशेष ध्यान दे रही है, ताकि आम जनता को सरकारी सेवाएं सरल और पारदर्शी तरीके से मिल सकें। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अब महिलाएं ही नहीं बल्कि सभी नागरिक खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने मेरठ के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शहर को बेहतर से बेहतरीन बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों के हित में भी सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। साथ ही मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कमियों को दूर कराने की बात कही।
इस अवसर पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, जिला अध्यक्ष हरवीर पाल, विनीत अग्रवाल शारदा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं देर शाम एनआईसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में असीम अरुण ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले जनजागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। इसके तहत विश्व पर्यावरण दिवस, जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण शिविर, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा सर्किट हाउस में भाजपा संगठन की बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद और कड़वाहट भुलाकर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।