पंचकूला की टिफिन बैठक में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी
पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक से अपना वोट बनवाने और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता तभी संभव है, जब हर पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर मतदान के अधिकार का उपयोग करे।
मुख्यमंत्री मंगलवार को पंचकूला जिले के पिंजौर के मानकपुर गांव स्थित देवीलाल कॉलोनी में आयोजित भाजपा की टिफिन बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची के अद्यतन कार्य और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ विस्तार से चर्चा की।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) नियुक्त किए जाते हैं, जिनका सहयोग करने के लिए राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि बीएलए की जिम्मेदारी केवल मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे पात्र नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने और लोकतंत्र को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करें और जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनका नाम जुड़वाने में सहयोग करें।
प्रदेशभर में आयोजित हुईं 30 टिफिन बैठकें
मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर के विभिन्न शक्ति केंद्रों पर 30 टिफिन बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करना तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करना है।
पिंजौर में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ भोजन भी किया और संगठनात्मक विषयों पर उनके सुझाव सुने।
बैठक में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, मंडल अध्यक्ष हरीश मोंगा, भाजपा बीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुनील धीमान, जिला उपाध्यक्ष पवन कुमारी, वार्ड पार्षद गुलशन ठाकुर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आवास योजना के लाभार्थियों से मिले मुख्यमंत्री
टिफिन बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना-2 के लाभार्थियों से भी मुलाकात की। उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग की दो महिला लाभार्थियों श्रीमती सरोज और श्रीमती जयंती के घर पहुंचकर उनसे योजना के लाभ और उसके क्रियान्वयन की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने उनके साथ भोजन भी किया और कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
प्रधानमंत्री के ‘हर परिवार को आवास’ संकल्प को बताया प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर परिवार को आवास” के संकल्प को हरियाणा सरकार प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर यह जान रहे हैं कि उन्हें योजनाओं का लाभ किस प्रकार मिल रहा है और कहीं कोई समस्या तो नहीं है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना-2 के तहत पिंजौर के सेक्टर-28 स्थित मानकपुर गांव में दोनों लाभार्थियों को 30-30 वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
लोकतंत्र और जनकल्याण दोनों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार एक ओर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता जागरूकता पर विशेष ध्यान दे रही है, वहीं दूसरी ओर गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।